संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रेलवे स्टेशन की पार्किंग पर दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवक अकाउंटेंट के हाथ से आठ लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और पार्किंग एरिया की नाकाबंदी की। पार्किंग स्थल से महज 100 मीटर दूर जीआरपी थाना और आरपीएफ की चौकी है। जहां आरपीएफ और जीआरपी के जवान रेलवे स्टेशन परिसर में गश्त लगाते रहते हैं। इसके बावजूद बाइक सवार दो युवक इस वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफल रहे।
सेक्टर-आठ निवासी ठेकेदार उमेश कुमार ने बताया कि उसके जीजा सीता राम निवासी नीलोखेड़ी पंजाब, कैथल, जींद व करनाल के लगभग 30 से 35 ईंट भट्ठों पर लेबर सप्लाई करते हैं। जन्माष्टमी व अन्य त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में उसका जीजा और उनका अकाउंटेंट राहुल सेक्टर आठ से इनोवा कार में सवार होकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। करीब 10:30 बजे जैसे ही वह पार्किंग स्थल पर पहुंचे और गाड़ी रोककर उतरे तो राहुल के हाथ से आठ लाख से भरा बैग छीनकर दो नकाबपोश युवक फरार हो गए। दोनों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वे फरार होने में कामयाब हो गए।
ठेकेदार ने बताया कि उसके जीजा को आठ लाख रुपये लेकर 11:40 बजे की ट्रेन से दिल्ली और फिर पटना जाना था। इसके लिए उन्होंने ईंट भट्ठा मालिकों से 50-50 हजार रुपये एकत्रित कर आठ लाख जमा किए थे और उन्हें लेबरों के घर तक पहुंचाना था। इस दौरान जैसे ही राहुल व उसका जीजा सीताराम गाड़ी में सवार होकर करनाल रेलवे स्टेशन पर गाड़ी पार्क करके उतरने लगे तो बाइक सवार बदमाश पैसों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए।
सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी खंगाले। मामले की जांच पुलिस की सीआईए-वन, सिविल लाइन थाना व राजकीय रेलवे पुलिस छानबीन कर रही है। वहीं पुलिस की सीआईए टीम अकाउंटेंट राहुल को पूछताछ के लिए लेकर गई है। इस दौरान घटना की सारी जानकारी जुटाई जाएगी। जिससे वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का सुराग लग सके।
रेलवे स्टेशन के बाहर की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं अकाउंटेंट राहुल से पूछताछ कर घटना की सारी जानकारी एकत्रित की जा रही है। जिससे जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाया जा सके।
- गुरविंद्र सिंह, इंस्पेक्टर, सीआईए-वन, करनाल