पदक दिखाते विजेता खिलाड़ी। खेल विभाग
करनाल। 40वीं हरियाणा स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में जिले की दो महिला खिलाड़ियों साविका शर्मा और हेजल ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 17 नवंबर तक गुरुग्राम में किया गया था। इन दोनों खिलाड़ियों ने ग्रुप चैंपियन ट्रॉफी पर भी कब्जा किया।
साविका शर्मा ने 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में तीन स्वर्ण पदक जीते। हेजल ने 15 से 18 आयु वर्ग में दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। स्केटिंग कोच संजय गोयल ने बताया कि करनाल की स्केटर दित्या कंधोल ने 8 से 10 वर्ष आयु इनलाइन वर्ग में दो रजत और एक कांस्य पदक जीता। दित्या ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया। इसी आयु वर्ग की परनीका जागलान ने क्वाड श्रेणी में एक कांस्य पदक हासिल किया। ये सभी खिलाड़ी अलग-अलग स्थानों पर अभ्यास करती हैं।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप की तैयारी
साविका शर्मा और हेजल कॉन्वेंट स्कूल में स्केटिंग का अभ्यास करती हैं। परनीका जागलान और दित्या कंधोल टैगोर बाल निकेतन में प्रशिक्षण लेती हैं। कोच पंकज बत्रा ने बताया कि इन स्केटर्स ने 64वीं राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। यह चैंपियनशिप पांच से 15 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी।