करनाल। पुलिस के डिटेक्टिव स्टाफ ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस ने 650 नशीली गोलियां बरामद की हैं। डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज हरजिंदर ने बताया कि 8 अगस्त को उनकी टीम को सूचना मिली कि गुरविंद्र सिंह निवासी प्रेम नगर करनाल व गुरमीत सिंह निवासी शांति नगर करनाल काफी समय से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां थोक में बेचने का काम करते हैं जो कि करनाल नंबर की गाड़ी एक्सयूवी में भारी मात्रा में नशे की दवाइयां लेकर अंबाला की तरफ से अपने घर की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर रामनगर सैन चौक बाइपास पर नाकाबंदी कर गाड़ी रुकवाई और दोनों आरोपी गुरविंद्र सिंह व गुरमीत की जांच की तो आरोपी गुरविंद्र के कब्जे से 370 प्रतिबंधित नशीली गोलियां व गुरमीत के कब्जे से 280 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुई। रामनगर थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रतिबंधित नशीली दवाइयां कुरुक्षेत्र के पीपली से लेकर आते थे। इसके अलावा वह इन दवाइयों को उत्तर प्रदेश के शामली जिले से भी खरीदकर लाते थे। जिनको करनाल में लाकर नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचते थे। इनका प्रयोग आरोपी खुद के नशा करने के लिए भी करते थे।