संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एंटी नारकोटिक्स सेल ने कैंटर चालक सहित दो लोगों को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रक चालक गुरसेवक सिंह उर्फ गैबी निवासी जोगीपुर जिला पटियाला व नरसी सिंह उर्फ काला निवासी समगोली जिला मोहाली पंजाब के कब्जे से चार कट्टे से 85 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी नशीले पदार्थ को पंजाब लेकर जा रहे थे।
एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम मुर्तजापुर गांव के बस अड्डा के पास गश्त कर रही थी। तभी टीम को सूचना मिली कि गुरसेवक सिंह व नरसी अपने कैंटर में पंजाब से सामान लादकर मध्य प्रदेश, राजस्थान व महाराष्ट्र की तरफ जाते हैं। इसकी आड़ में वह लोग मध्य प्रदेश व राजस्थान से नशीला पदार्थ छुपाकर पंजाब में सप्लाई करते हैं। आज भी आरोपी राजस्थान की तरफ से चूरा पोस्त लेकर एनएच-152 डी से होते हुए पंजाब जाएंगे।
टीम ने सूचना पर सूचना पर कैथल की तरफ नाकाबंदी कर जांच करनी शुरू कर दी। कुछ समय बाद कैथल की तरफ से आए एक कैंटर को रुकवाकर चालक से पूछताछ के बाद कैंटर की तलाशी ली। तलाशी लेने पर सामान के बीच से 85 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इसकी कीमत करीब सवा तीन लाख रुपये है। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर पिहोवा में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत के आदेश से 10 दिन के रिमांड पर लिया गया है।