अमन ढाबा फायरिंग मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद की गई हैं, जिनमें विदेशी दो पिस्तौलें और एक डबल बैरल गन शामिल हैं।
स्पेशल टास्क फोर्स करनाल ने 26 जून को कुरुक्षेत्र के अमन ढाबा पर हुई गोलीबारी के मामले में दो आरोपियों यमुनानगर निवासी सौहार्द उर्फ शिवम और दिल्ली के कुठपेड़ा गांव निवासी पारस को गिरफ्तार किया है। दोनों कुख्यात कौशल चौधरी गैंग के सदस्य हैं और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय रहे हैं।
विज्ञापन
गोलीबारी में शामिल रहे आरोपी
एसटीएफ के अनुसार, सौहार्द उर्फ शिवम वारदात से एक दिन पहले कुरुक्षेत्र में शूटर से मिला था, जबकि पारस इस गोलीबारी को अंजाम देने वाली गैंग का हिस्सा था। दोनों आरोपी करनाल के सेक्टर-12 इलाके में हथियार छिपाने आए थे। पुलिस ने इन्हें यहीं से गिरफ्तार किया।
हथियारों की बरामदगी
आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद की गई हैं, जिनमें विदेशी दो पिस्तौलें और एक डबल बैरल गन शामिल हैं। जांच में पुष्टि हुई कि इनमें से दो पिस्तौलें अमन ढाबा गोलीबारी में इस्तेमाल हुई थीं। इसके अलावा, दोनों आरोपी करनाल के सौंकड़ा गांव में हुई एक अन्य गोलीबारी की घटना में भी शामिल थे। एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अब कौशल चौधरी गैंग के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और विदेश में बैठे गैंगस्टरों से उनके संबंधों की गहन जांच कर रही है।