माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/तरावड़ी। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में तरावड़ी की दुर्गा कॉलोनी के रहने वाले आरोपी रिंकू के घर दबिश देने पहुंची नारकोटिक्स की टीम के एसआई रोहताश पर हमला करने वाले दो आरोपी भाई मुकेश नाथ और रणजीत नाथ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य दो भाई गौतम और नरेश नाथ सहित चार को नामजद करते हुए तीन अन्य पर हत्या के प्रयास, लोकसेवक पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी रिंकू के अलावा अन्य सभी पांच आरोपी वारदात के बाद से घर से भागे गए हैं। इनके घरों पर भी ताला लगा है।
वीरवार को पूरे दिन पुलिस की दबिश कॉलोनी में रही। लेकिन अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए। इधर, हमले में घायल एसआई रोहताश के सिर में चोट आने पर हालत गंभीर है। नागरिक अस्पताल से उन्हें रेफर करने पर परिवार ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सिर में फ्रैक्चर आने पर डॉक्टरों ने उनके सिर की सर्जरी करने की अनुशंसा की है। उनके सिर पर तेजधार हथियारों में तलवार, गंडासी और डंडों से हमला किया गया है।
तरावड़ी थाना प्रभारी राजपाल का कहना है कि बुधवार की रात को हुए हमले के बाद पुलिस ने मुकेश और रणजीत सहित एक युवती को हिरासत में लिया था। पूछताछ में वारदात में युवती की संलिप्तता न पाए जाने पर उसे छोड़ दिया गया, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। इन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में सीआईए सहित अन्य टीमें जांच कर रही हैं। घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में भी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हमला करने वाले लोग नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं और पूरी कॉलोनी उनसे परेशान है।
डीएसपी ने किया दौरा
वीरवार सुबह नीलोखेड़ी के डीएसपी महावीर सिंह ने दुर्गा कॉलोनी और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट ली। दूसरी ओर तरावड़ी थाना पुलिस की टीमें लगातार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। इसके अलावा एसपी गंगाराम पूनिया ने निजी अस्पताल पहुंचकर घायल एसआई रोहतास का हाल जाना।
आरोपी रिंकू की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी टीम
8 सितंबर को दर्ज हुए एनडीपीएस मामले में रेड डालने बुधवार की रात को पुलिस पहुंची थी। टीम जैसे ही दुर्गा कॉलोनी के आरोपी रिंकू के घर में दाखिल हुई, पूछताछ के दौरान परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने सब इंस्पेक्टर रोहतास को घेर लिया और गंडासी, लाठियों और डंडों से वार शुरू कर दिए। हमले में एसआई रोहतास गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस को करने पड़े थे हवाई फायर
घटनास्थल पर पुलिस को डायल-112 की टीम बुलानी पड़ी। हालात पर नियंत्रण पाने के लिए तीन हवाई फायर करने पड़े। इसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। नारकोटिक्स के चार जवान आरोपी के घर में आए थे। हमले के बाद जब तक और पुलिसकर्मी पहुंचते तब तक आरोपी भाग निकले। रात करीब 10 बजे हुई वारदात के करीब दो घंटे बाद तक पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। रातभर और वीरवार को दिन में भी स्थिति तनावपूर्ण रही।
सभी हमलावरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 में हत्या के प्रयास, धारा 121 सरकारी अधिकारी के कार्य में बाधा, धारा 132 लोक सेवक पर हमला, धारा 190 गैरकानूनी जनसमूह में अपराध करने, धारा 191 में दंगा करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। - राजपाल, प्रभारी, तरावड़ी थाना
81....मौके पर पहुंच कर जांच करते पुलिस कर्मी। स्वयं