फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के बीस मोहल्लों को मिलेगा नए ट्यूबवेल से पानी

Fri, 15 Nov 2013 10:30 PM IST
करनाल
विज्ञापन
विज्ञापन
करनाल में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नए वाटर ट्यूबवेल लगाने और पुरानों की मरम्मत कराने का काम जारी है।
विज्ञापन


शहर की बड़ी आबादी वाले करीब बीस से तीस मोहल्लों के लोगों की सुविधा के लिए 31 दिसंबर से पहले तीन ट्यूबवेल चालू कर दिए जाएंगे। इसके लिए विभाग अपना पूरा काम कर चुका है। अगले सप्ताह यानी तीन दिन बाद ही सोमवार से ये काम प्रारंभ कर दिया जाएगा। रेलवे रोड के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दस लाख रुपये की लागत से ट्यूबवेल लगाया जाएगा।

इसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सब कुछ कंपलीट है। अब बस इसका उद्घाटन किया जाना है, जो सोमवार को होना है। इस ट्यूबवेल से वार्ड 13 के सदर बाजार समेत पूरे क्षेत्र की बीस हजार की आबादी को पानी सप्लाई किया जाएगा। इसके अलावा एक अन्य ट्यूबवेल भीम नगर में लगाया जाना है।
विज्ञापन


इस ट्यूबवेल से पुरानी अनाज मंडी, नावल्टी रोड, भीम नगर, रमेश नगर समेत कई क्षेत्रों को पानी सप्लाई किया जाना है। इसके अलावा एक अन्य ट्यूबवेल सदर बाजार की पुलिस चौकी के पास लगाया जा चुका है। इस ट्यूबवेल से पूरे सदर बाजार क्षेत्र को जोड़ा जाना है।

तीनों ट्यूबवेलों का उद्घाटन संभवत: इसी महीने के अंत तक किया जा सकता है। किसी प्रकार की मामूली कोई दिक्कत रही तो 31 दिसंबर से पहले इन ट्यूबवेलों से पानी की सप्लाई दी जानी है।

अधिक सुविधाएं देने के प्रयास
शहर के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी दिलाने के लिए विभाग की ओर बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग जनहित में दिया जा रहा है। तीनों ट्यूबवेलों के चालू होने से पचास हजार से अधिक लोगों को पानी की सुविधा मिल सकेगी।

ऐसा यह एक अनुमान है। इस काम को पूरा करने के लिए सब डिवीजन नंबर दो के उपमंडल अधिकारी वेदप्रकाश निरंतर काम में लगे हैं। उनके प्रयास से यह काम बिना देरी के जल्द किया जा रहा है। वीरवार को ही कटा बाग में विधायक सुमिता सिंह एक अन्य ट्यूबवेल का उद्घाटन कर चुकी है।
अरविंद रोहिला, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग

तीन दिन में ही टूट गई सड़क
तरावड़ी से सौकड़ा रोड टूटा होने के कारण दर्जन भर गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद भी लोकनिर्माण विभाग की ओर से इसकी रिपेयर में सही सामग्री नहीं लगाए जाने से लोगों में भारी रोष है।

हालत ये है कि तीन दिन पहले की गई सड़क की मरम्मत उखड़ चुकी है और हर बड़े वाहन के साथ सड़क पर धूल का गुबार उठता है, जो राहगीरों को बीमार करने का काम कर रहा है। यह सड़क पांच साल पहले प्रधानमंत्री सड़क ग्राम योजना के तहत बनाई गई थी लेकिन निर्माण में बेहतर निर्माण सामग्री नहीं प्रयोग होने से सड़क अपने गारंटी काल में ही टूट गई।

सड़क को शहर से जोड़ने वाले दर्जन भर गांवों के लोग लगातार इसके दोबारा निर्माण की मांग उठाते रहे हैं क्योंकि इन गांवों के लोगों को फसल लेकर तरावड़ी मंडी में आना पड़ता है। गांव पखाणा के सरदार सर्वजीत सिंह, मुनीश परवेज राणा, रामलाल शर्मा, अमरजीत सिंह, मेजर सिंह, परमजीत सिंह सौकड़ा, बिटटू मल्ली व अजमेर सिंह का कहना है कि सड़क की खराब हालत उनके लिए जी का जंजाल बन चुकी है।

सड़क में पड़ चुके गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए खतरा बन चुके हैं। इन लोगाें का कहना है कि लंबी मांग के बाद लोकनिर्माण विभाग ने सड़क की रिपेयर का काम तो शुरू किया लेकिन बेहतर निर्माण सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने से यह कुछ ही घंटों के बाद दोबारा टूट जाती है, जिससे लोगाें में भारी रोष है।

मांग है कि सड़क की रिपेयर बेहतर तरीके से किया जाए ताकि नवनिर्माण के समय तक यह चल सके। लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन वीरेंद्र जाखड़ ने बताया कि गहरे गड्ढे होने के कारण इन्हें गटका व ईंटों से भरा जा रहा है क्योंकि सड़क के लिए नवनिर्माण के लिए बजट बनाकर सरकार को भेजा गया है, जिसे आज ही मंजूरी मिल सकती है। मंजूरी मिलते ही इसका टेंडर लगाकर सड़क को दोबारा बनाया जाएगा।

हाईवे की सर्विस लेन के गड्ढे बने जी का जंजाल
घरौंडा में हाईवे पर बनी सर्विस लेन पर बने गड्ढे लोगों के जी का जंजाल बने हैं। इसके साथ-साथ बना नाला भी कई जगह से टूट जाने के कारण लोग रोजाना चोटिल हो रहे हैं।

आए दिन गड्ढों में लोगों की मोटरसाइकिलें फंसकर गिर रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्विस लेन पर बने गड्ढे ठीक कराए जाएं। हाईवे पर बनी सर्विस लेन की हालत पूरी तरह से जर्जर है। कई जगह तो वाहन हिचकोले खाते नजर आते हैं।

दुर्घटनाएं होती-होती बच जाती हैं। सर्विस लेन पर गड्ढों के साथ अब इसके पास बंद पड़ा नाला भी कई जगह से टूट रहा है, जिसमें वाहनों के पहिए फंस जाते हैं। गड्ढों में वाहन फंसने से चालक घायल हो रहे हैं। सर्विस लेन के पेट्रोल पंप के सामने एक गड्ढा लोगों के लिए भारी परेशानी बना हुआ है।

राहगीर रामबीर, जयसिंह, मुल्तान सिंह, रामसिंह, सुरेश कुमार, रामनाथ शर्मा, टेकचंद, बहादुर समेत अन्य ने बताया कि सर्विस लेन व गड्ढों को ठीक कराने के लिए प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होेंने प्रशासन से मांग की है कि सर्विस लेन पर बने गड्ढों को ठीक कराया जाए।

अधिकारियों ने कभी लोगों की परवाह नहीं की। लोगों की मानें तो हजारों लोगों प्रतिदिन यहां से गुजरते हैं। इनमें अधिकारी भी शामिल हैं। तमाम लोगों को यह दिक्कत नजर आती है। इसके बावजूद समस्या हल नहीं हो रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें