कैथल में कुरुक्षेत्र रोड पर 16 नवंबर की रात गांव पबनावा के पास हुई लूट की घटना फर्जी निकली। शिकायतकर्ता ट्रक चालक ही इस घटना की साजिश का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने शिकायत देने वाले ट्राला चालक सहित तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर करीब 350 बैग बासमती धान के बरामद कर लिए हैं।
ट्रक की बरामदगी के लिए पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है। यह खुलासा एसपी कुलदीप सिंह यादव ने लघु सचिवालय स्थित एसपी कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन में किया। मास्टरमाइंड चालक शातिर अपराधी पाया गया, जिसके खिलाफ पहले भी लूट, हत्या और फिरौती मांगने के काफी मामले दर्ज हो चुके हैं।
एसपी ने बताया कि रमाणा-रमाणी वासी असबीर उर्फ भीरी ने 16 नवंबर की रात करीब सवा ग्यारह बजे अनाज मंडी पूंडरी की दुकान नंबर 30 से अपने ट्रक में 490 बैग बासमती धान लोड की थी। उसने बताया था कि अज्ञात युवक इस धान को ट्राले सहित लूट कर ले गए और उसे कुरुक्षेत्र के पास पेड़ से बांध कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे सीआईए को सुपुर्द किया गया था। जिसमें जांच करते हुए सीआईए प्रभारी को जानकारी मिली कि ट्राला चालक ने ट्राला लूटने की साजिश रचते हुए लूट का झूठा नाटक बुना है। चालक की पिछली गतिविधियों के दृष्टिगत भी वह शक के दायरे मेें था।
कर्ज चुकाना था इसलिए की वारदात
सबइंस्पेक्टर सत्यवान ने अपनी टीम में एएसआई राजबीर, महेंद्र सिंह, रामनिवास व साथियों सहित एक सूचना के आधार पर पूंडरी से चालक असबीर भीरी को काबू करते हुए गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने फाइनेंस गाड़ी की किस्त टूटने के अलावा उसे अन्य काफी कर्ज देना था। उनमें से उसे रमेश उर्फ लीलू वासी हजवाना के 50 हजार रुपये भी देने थे, जिसके दृष्टिगत लीलू ने उसकी राजबीर हजवाना से मुलाकात करवाई। जो धान खरीदने का धंधा करते था।
चालक असबीर के 16 नवंबर को पूंडरी से धान उठाते ही खुद वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। उसने लीलू उर्फ रमेश व राजबीर और एक अन्य रमेश वासी हजवाना को योजना में शामिल करते हुए करीब 5700 रुपये प्रति क्विंटल के 186 बैग राजबीर को 4000 रुपये की दर से बेचकर माल रमेश के घर उतार दिया और अन्य बैग कहीं ओर छिपा दिए।
सीआईए पुलिस ने तत्परता व मुस्तैदी का परिचय देते हुए आरोपी रमेश उर्फ लीलू, रमेश व राजबीर निवासी हजवाना को गिरफ्तार कर रमेश के कब्जे से 186 बैग और चालक असबीर के कब्जे से 200 बैग धान बरामद कर ली। शेष 104 बैग जीरी, माल की बिल्टी व ट्राले की बरामदी के लिए चालक का अदालत का अदालत से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।
पहले भी चल रहे हैं केस
आरोपी चालक पहले भी पूडरी थाना में 3 फिरौती, थाना बरवाला में दर्ज एक लूट मामले और नरवाना में दर्ज 1 हत्या मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। पेड़ से चालक को बांधने वाले उसके साथी की भी पुख्ता पहचान कर ली गई है, जिसकी सरगर्मी से तलाश जारी है। इस अवसर पर उनके साथ डीएसपी रविंद्र तोमर, डीएसपी सुरेंद्र भौरिया, सीआईए इंचार्ज सत्यवान भी मौजूद थे।