जिले में आए दिन डेंगू के रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद भी स्वास्थ्य विभाग सतर्कहोने का दावा कर रहा है। डेंगू व संदिग्ध डेंगू के मरीजों की मौत का सिलसिला भी जारी है।
मंगलवार को आई डेंगू की रिपोर्ट में 12 लोगों को इसकी पुष्टि हुई है। इसके साथ ही मरीजों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। कुछ रोज पहले 36 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, इनमें से 12 लोगों को डेंगू की पुष्टि हुई है।
इनमें 11 रोगी शहर के निजी अस्पताल में दाखिल हैं, जबकि एक रोगी कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार ले रहा है। अब तक जिले में सात लोगों की डेंगू से मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि मरने वालों में केवल एक डेंगू रोग से पीड़ित था। संदिग्ध डेंगू के सैंपल लेने के बाद मंगलवार को 36 मरीजों की रिपोर्ट आई। 114 केस संदिग्ध डेंगू के हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 153 रोगियों के सैंपल लिए गए हैं, जिसमें 39 को पुष्टि हुई है।
सिविल सर्जन डॉ. वंदना भाटिया ने बताया कि जिले में अब तक केवल एक ही मौत डेंगू पीड़ित की हुई है। मरने वाले बाकी सभी लोग संदिग्ध डेंगू पीड़ित थे। अब तक 153 बीमार लोगों के डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिए गए थे। इसमें 39 को पुष्टि हो चुकी है।