उचाना गांव के पास रात करीब 10 बजे ढाबे पर खाना खाने के लिए पैदल जा रहे पिता-पुत्र में से ट्रक चालक ने पिता को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
गांव दादुपुर रोडान निवासी कुलदीप सिंह ने थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 सितंबर को वह अपने पिता सतपाल के साथ किसी काम के लिए उचाना गांव में गए हुए थे। अपने काम निपटा कर वह और उसके पिता खाना खाने के लिए पैदल ही ढाबा के लिए जा रहे थे। उसके पिता उससे कुछ कदम आगे चले रहे थे। जब वे उचाना लेक के सामने करीब 10 बजे पहुंचे तो सामने से एक बड़ा ट्रक तेज रफ्तार से उनकी तरफ आया और उसके पिता को जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद उसने तुरंत अपने पिता को संभाला तो उनके सिर व अन्य जगह से खून निकल रहा था। उसी समय ट्रक चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर भाग गया। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और उनकी मदद से वह अपने पिता को ट्रामा सेंटर लेकर आया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।