- घरौंडा क्षेत्र के अमृतपुर कलां गांव में अल-सुबह साढ़े तीन बजे हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। क्षेत्र के अमृतपुर कलां गांव में अल-सुबह तेज रफ्तार ट्रक एक घर में जा घुसा। जिससे घर की दीवार टूट गई और कमरे के अंदर खड़ी मोटरसाइकिल, साइकलें व घर के बाहर खड़ा एक थ्री-व्हीलर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक ने बताया कि हादसा नींद आने के कारण हुआ है।
जानकारी के अनुसार घरौंडा क्षेत्र के अमृतपुर कलां गांव में अल-सुबह करीब साढ़े तीन बजे एक सिलिंडर से भरा ट्रक सड़क पर खड़े थ्री-व्हीलर को टक्कर मारते हुए घर में घुस गया। जिससे थ्री-व्हीलर व घर के अंदर खड़ी एक मोटरसाइकिल व चार-पांच साइकिलों सहित किराना की दुकान को नुकसान पहुंचा। पीड़ितों ने बताया कि जब उनके घर की दीवार से ट्रक टकराया तो उन्हें लगा कि भूकंप आ गया। वो डर के मारे बाहर भागे। गनीमत रही कि परिवार का कोई सदस्य उस कमरे में नहीं सोया था। हादसे के बाद पीड़ितों ने डायल-112 को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने ट्रक चालक को पकड़ा और संबंधित थाने में ले गए।