जीटी रोड पर गांव उचानी के समीप एक ट्रक को कैंटर ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रक खदानों में गिर गया। इस दौरान ग्रामीण ड्राइवर की मदद करने के बजाय कोल्ड ड्रिंक्सकी बोतलें उठा ले गए। इसकी सूचना ड्राइवर ने पुलिस को दी। पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर घरों, खोखों से कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें बरामद की। लोगों के घरों में फ्रिज से भी बोतलें मिली। दो युवक कोल्ड ड्रिंक्स के दो डाले कट्टे में भरकर बाइक पर ले जा रहे थे उन्हें भी पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रक ड्राइवर मनजीत सिंह ने बताया कि वह अंबाला के मोडी से ट्रक में कोल्ड ड्रिंक्स भरकर मेवात के लिए रविवार रात चला था। जब वह जीटी रोड पर उचानी गांव के समीप पहुंचा तो ट्रक बंद हो गया। ट्रक के नीचे जाकर ठीक करने लगा तो पीछे से एक कैंटर ने ट्रक को टक्कर मार दी। जिससे ट्रक खदानों में चला गया। इस दौरान आसपास के लोगों को इसका पता चल गया कि कोल्ड ड्रिंक्स से भरा ट्रक खदानों में धंस गया है तो उन्होंने मदद करने के बजाय ट्रक से कोल्ड ड्रिंक्स की पेटियां व डाले उठाना शुरू कर दिया। करीब 70 डाले व 30 पेटियां ग्रामीण उठा ले गए। कोल्ड ड्रिंक्स का भुगतान उसे अपने पैसों से करना पड़ता, इस कारण उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच अधिकारी रणधीर मौके पर पहुंचे, उन्होंने अन्य पुलिस कर्मचारियों की सहायता से सर्च अभियान चलाया तो लोगों के घर में फ्रिज से कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें मिली। जिस कैंटर ने ट्रक को टक्कर मारी थी व कैंटर छोड़कर फरार हो गया है।