मुलाना। मुलाना-बुडियों रोड पिछले लगभग 10 दिनों से बरसाती पानी के कारण बुरी तरह प्रभावित है। खेतों से बहकर आ रहा पानी सीधे सड़क पर गुजर रहा है, जिससे कई स्थानों पर मार्ग टूट चुका है। यही मार्ग एमएम यूनिवर्सिटी और एमएम अस्पताल तक जाने का मुख्य रास्ता है।
हर दिन सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन अब हालात इतने खराब हैं कि वाहनों को रेंग-रेंगकर निकलना पड़ रहा है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और दोपहिया वाहन चालक कई बार गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
वाहन चालकों की समस्या : वाहन चालक दिनेश, सुभाष, हन्नी का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बरसात का पानी निकासी न होने के कारण खेतों से होते हुए सीधे सड़क पर आ जाता है। मार्ग का बड़ा हिस्सा खस्ताहाल हो चुका है और यहां से गुजरना अब किसी मुसीबत से कम नहीं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से एमएम अस्पताल जाने वाले मरीजों और एंबुलेंस सेवाओं को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
पानी से भरे गड्ढों के बीच मरीजों को ले जाना बेहद कठिन हो रहा है। यह अस्पताल का मुख्य मार्ग होने के कारण लोग मजबूरन इसी रास्ते से गुजरते हैं, जो मरीजों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन रहा है। क्षेत्र में बन रही अवैध कॉलोनियों के कारण पानी निकासी बाधित हो गई है। इसी वजह से आसपास का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है और जलभराव की स्थिति पैदा कर रहा है।
उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले यहां ऐसी समस्या सामने नहीं आती थी, लेकिन अवैध निर्माण कार्यों के बाद हालात बिगड़ गए हैं। ग्रामीणों व वाहन चालकों ने प्रशासन से अपील की है कि मार्ग की तुरंत मरम्मत कर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।