जिला खेल अधिकारी कार्यालय। आर्काइव
- फोटो : एसएसबी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित करते कमांडेंट व अन्य।
जगाधरी। हरियाणा खेल विभाग की ओर से खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (केआईएससीई) में 17 व 18 अप्रैल को खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल लिए जाएंगे। यह ट्रायल पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होंगे। ट्रायल में 13 से 23 वर्ष आयु वर्ग (1 जनवरी 2026 के अनुसार) के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता ने बताया कि ट्रायल से प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाएगा। चयन प्रक्रिया में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और बैडमिंटन इत्यादि प्रमुख खेल विधाओं को शामिल किया गया है। चयनित खिलाड़ियों को पंचकूला स्थित केंद्र में अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इनमें एसी खिलाड़ी वास, आधुनिक जिम, पुनर्वास केंद्र, पोषण विशेषज्ञ, बायोमैकेनिक्स एक्सपर्ट, फिजियोथेरेपिस्ट (पुरुष व महिला), मसाज थेरेपिस्ट और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग एक्सपर्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। वहीं, खिलाड़ियों के लिए मैस सुविधा और अनुभवी कोच प्रशिक्षण भी देंगे।
इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 17 अप्रैल सुबह आठ बजे से 11 बजे तक मौके पर पंजीकरण किया जाएगा। इसके संबंध में अधिक जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या विभाग के नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेलो इंडिया योजना का उद्देश्य देशभर में प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें चैंपियन के रूप में तैयार करना है।
जिला खेल अधिकारी कार्यालय। आर्काइव- फोटो : एसएसबी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित करते कमांडेंट व अन्य।