- किसान बोले- अंधड़ के कारण उड़ गए कई तिरपाल
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर में शुक्रवार देर रात आए अंधड़ के कारण काफी नुकसान हुआ है। सेक्टर-6 में एक पेड़ उखड़कर सड़क किनारे खड़ी दो कारों पर जा गिरा जिससे दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। दूसरी ओर बारिश का असर अनाज मंडियों में नजर आया।
करनाल और निसिंग की मंडियों में खुले में पड़ा गेहूं भीग गया। किसानों ने बताया कि मंडी प्रशासन की ओर से तिरपाल लगाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। तेज हवा में कुछ तिरपाल उड़ गए और पूरी फसल भीग गई।
चार माह पहले खरीदी गई होंडा अमेज कार के मालिक ने बताया कि उन्होंने रात को गाड़ी सड़क किनारे पार्क की थी। अंधड़ के दौरान पेड़ टूटकर सीधे उनकी कार पर गिर गया, जिससे कार की छत और बोनट क्षतिग्रस्त हो गए। पास में खड़ी एक दूसरी कार भी पेड़ की चपेट में आ गई। उस गाड़ी के शीशे टूट गए और बोनट को नुकसान पहुंचा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में जिन पेड़ों की हालत कमजोर है और जो गिरने की स्थिति में हैं, उन्हें समय रहते हटाया जाए।
मुआवजे और समाधान की मांग
मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे किसानों ने बताया कि मंडी प्रबंधन ने दावा किया था कि बारिश से बचाव के पूरे इंतजाम हैं, लेकिन मौके पर न कोई कर्मचारी मौजूद था न पर्याप्त तिरपाल लगाए गए थे। गेहूं भीगने से उन्हें मंडी में उचित दाम तक नहीं मिल पाएगा। साथ ही सरकार की ओर से भी किसी तरह की राहत की उम्मीद नहीं है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडियों में बारिश से बचाव के स्थायी समाधान किए जाएं और जिन किसानों की फसलें भीगी हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।