माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सुपर-100 के पहले चरण की परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थी अब दूसरे चरण की परीक्षा में हिस्सा लेंगे। इससे पहले इन विद्यार्थियों को तीन दिन का विशेष प्रशिक्षण शिक्षा विभाग की ओर से दिया जाएगा। परीक्षा पास करने वाले 139 विद्यार्थी 14 से 16 अप्रैल तक विकल्प फांडेशन रेवाड़ी के प्रशिक्षण केंद्र में जाएंगे। इनमें 73 बेटियां हैं। प्रशिक्षण के दौरान पढ़ाए जाने वाले विषयों से ही दूसरे चरण की परीक्षा होगी।
योजना के अनुसार पूरे प्रदेश में 600 बच्चों का चयन किया जाना है। इसमें से पहले चरण की परीक्षा में जिले के 139 बच्चे पास हुए हैं। जबकि पूरे प्रदेश में 1921 विद्यार्थी दूसरे चरण की परीक्षा के लिए सफल हुए हैं। सुपर-100 की परीक्षा में भाग लेने के लिए जिले के विभिन्न स्कूलों से 1591 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। 14 फरवरी को हुई लेवल-1 की परीक्षा में 1471 विद्यार्थी शामिल हुए। अगर विद्यार्थी दूसरे चरण में भी पास हो जाता है तो उसे आईआईटी व नीट की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। सरकार की ओर से विद्यार्थियों का पूरा खर्च वहन किया जाएगा। दूसरे चरण की परीक्षा के बाद विद्यार्थियों को रेवाड़ी, पंचकूला, करनाल या हिसार के केंद्रों में दो साल के लिए कोचिंग दी जाएगी। कोचिंग से लेकर रहने व खाने-पीने का खर्च सरकार वहन करेगी। इस दौरान विद्यार्थी 12वीं कक्षा भी साथ में पास कर लेगा।
यह साथ लेकर जाना होगा
चयनित विद्यार्थियों को अपने साथ चार पासपोर्ट साइज फोटो, डीएमसी की अटैस्टड कॉपी, केटेगरी सर्टिफिकेट, बिस्तर, कंबल, बेडशीट, टूथब्रश, साबुन आदि जरूरी वस्तुएं खुद साथ लेकर जानी होंगी। जबकि विद्यार्थियों के रहने, खाना, स्टेशनरी और सैनिटाइजर आदि विभाग की ओर से केंद्र में उपलब्ध कराया जाएगा।
चयनित विद्यार्थियों को मिलेंगे ये लाभ
- राजकीय स्कूलों के छात्र सरकार की मदद से अपनी उच्च शिक्षा जैसे मेडिकल और इंजीनियरिंग कोचिंग मुफ्त में प्राप्त कर सकेंगे।
- एनईईटी और जेईई में अध्ययन करने के इच्छुक छात्रों को मुफ्त रहने की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
- छात्रों को मुफ्त बोर्डिंग और लॉन्चिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इन 200 विद्यार्थियों को मिलेगा मौका
विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार बैच 2022-24 के लिए कुल 600 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इनमें से मुख्य सूची में शामिल करके 400 विद्यार्थियों को आवासीय कोचिंग दी जाएगी और 200 विद्यार्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा। इन्हें ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग दी जाएगी। यदि मुख्य सूची का कोई विद्यार्थी आवासीय कोचिंग छोड़ देता है या अपना दाखिला रद्द करवाता है तो प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों को आवासीय कोचिंग में शामिल किया जाएगा।
कुल चार बैच में चयनित विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। करनाल के विद्यार्थी चौथे बैच में शामिल होंगे। प्रशिक्षण के बाद ही दूसरे चरण की परीक्षा आयोजित होगी। पहला चरण पास करने वाले सभी विद्यार्थियों का इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होना अनिवार्य है।
- दीपक वर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं नोडल अधिकारी सुपर-100