माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/मधुबन। हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के क्वार्टर गार्द परिसर में सोमवार को उप-अधीक्षक कारागार बेसिक कोर्स बैच संख्या-07 का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर हरियाणा सशस्त्र पुलिस मधुबन के पुलिस महानिरीक्षक ओपी नरवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसमें प्रशिक्षु उप-अधीक्षक कारागार हिमांशु चौधरी ने संविधान के प्रति सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता से कर्तव्य पालन की शपथ ली। अकादमी के पुलिस उप-अधीक्षक नरेश अहलावत ने प्रशिक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रशिक्षु को मिले विविध प्रशिक्षण की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि ओपी नरवाल ने कहा कि कारागार सेवा एक जिम्मेदारी और समर्पण का कार्य है। उन्होंने प्रशिक्षु हिमांशु चौधरी और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान युग तकनीक का युग है और तकनीकी कौशल अपनाकर जेल प्रशासन को और अधिक प्रभावशाली बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कैदियों के मनोविज्ञान को समझना और उनके पुनर्वास के प्रयास करना कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। पुलिस उप-अधीक्षक नरेश अहलावत ने बताया कि प्रशिक्षु को नए आपराधिक कानून, मानवाधिकारों का संरक्षण, अपराध शास्त्र, पीड़ित विज्ञान, मनोविज्ञान, हरियाणा कारागार नियम, सर्विस रूल्स, संवेदनशील व्यवहार, नागरिक हितैषी दृष्टिकोण के साथ-साथ कवायद-ड्रिल, आधुनिक हथियारों का परिचालन और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया।
अकादमी पुलिस अधीक्षक बलजिन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया। समारोह में हरियाणा सशस्त्र पुलिस के पुलिस उप-महानिरीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह, द्वितीय वाहिनी एचएपी के आदेशक विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक पुष्पा, हरियाणा न्यायवैद्यक विज्ञान प्रयोगशाला मधुबन के उप-निदेशक अरविंद हुड्डा, अकादमी के जिला न्यायवादी डॉ. सोहन सिंह, उप-न्यायवादी सुरेन्द्र कुमार, प्रशिक्षु उप-अधीक्षक कारागार के परिजन व अकादमी स्टाफ मौजूद रहा।