संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सेक्टर 6 स्थित आर्य समाज मंदिर में लगाए गए आर्य युवक चरित्र निर्माण शिविर का सोमवार को समापन किया गया। शिविर में 76 बच्चों ने वैदिक संस्कृति की जानकारी, लाठी, दंड बैठक, योगासन, प्राणायाम और आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लिया। समारोह में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य कपिल अत्रेजा ने कहा कि प्रशिक्षित आर्य युवक राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे और विश्वपटल पर भारत का नाम रोशन करेंगे।
कपिल अत्रेजा ने कहा कि प्रांतीय अध्यक्ष स्वतंत्र कुकरेजा के नेतृत्व में आर्य युवक परिषद निरंतर युवाओं का चरित्र निर्माण कार्य करने में जुटा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ऐसे सुसंस्कारित युवकों के कारण भारत विश्व में आर्थिक महाशक्ति बनेगा। कार्यक्रम अध्यक्ष आनंद सिंह आर्य ने कहा कि आर्य समाज मंदिर सेक्टर 6 में जिसकी वायु में ही संस्कार हैं में शिविर आयोजित करके यह संस्थान वैदिक ऋचाओं से और सुशोभित हो जाता है।
केंद्रीय आर्य युवक परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष स्वतंत्र कुकरेजा ने कहा कि परिषद राष्ट्रभक्त युवाओं के निर्माण का कार्य और तीव्र गति से चलाएगी। साथ ही विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष मेघा भंडारी ने कहा कि भारत के युवाओं को देखकर पूरी दुनिया ने माना है कि भारत का भविष्य उज्जवल है। आर्य युवा ऋषि दयानंद के नियमों पर चलकर बहुत कार्य कर रहे हैं। शिविर में कुंजपुरा रोड स्थित कॉन्वेंट स्कूल से विवान को सर्वश्रेष्ठ प्रथम पुरस्कार, वसंत विहार स्थित नव ज्योति विद्या मंदिर से हेमांग का दूसरा, दादूपुर स्थित महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल से अमृत को तीसरा सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से सम्मनित किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से स्वतंत्र कुकरेजा, रोशन आर्य, अजय आर्य, हरेंद्र चौधरी, आनंद सिंह आर्य, विपिन अरोड़ा, धीरज गांधी, लाजपत राय, वेदमित्र आर्य, शांति प्रकाश आर्य, रजनीश चोपड़ा, रामकुमार आर्य और प्रेम सहगल सहित अन्य मौजूद रहे।