फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कर्ण गेट बाजार में ऑड-ईवन पर भड़के व्यापारी, विरोध में बाजार बंद

विज्ञापन
विज्ञापन
लॉकडाउन 3.0 के दूसरे दिन बाजार खुला, जमकर खरीदारी भी हुई, लेकिन जिला प्रशासन ने ट्रायल के तौर पर पहले दिन कर्ण गेट बाजार में दुकानों की नंबरिंग करके ऑड-ईवन का फार्मूला लागू किया, जिसके तहत बाजार के चारों ओर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को रोक दिया। इसे लेकर कर्ण गेट बाजार के दुकानदार भड़क गए और बाजार को बंद कर विरोध करना शुरू कर दिया। इसके बाद डीएसपी व सिटी एचएचओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यापारी नेताओं के साथ बैठक ली। नाकों को दूरी पर लगाने, वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुदृढ़ करने के आश्वासन के बाद कर्ण गेट बाजार के भी सभी व्यापारी ऑड ईवन व्यवस्था लागू करने पर सहमत हो गए।
विज्ञापन

बीते रोज सोमवार को बाजार में जिस तरह पहले ही दिन भारी भीड़ उमड़ी, वाहनों से प्रमुख रास्तों पर जाम लगा और सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ी, उसे देखकर जिला प्रशासन अब पूरे शहर में ही ऑड ईवन व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। पहले दिन ट्रायल के तौर पर प्रशासन ने कर्ण गेट को चुना था लेकिन प्रशासन ने यहां के दुकानदारों को विश्वास में लिए बिना ही यह निर्णय लिया था, जिससे सुबह होते ही दो संख्या वाली दुकानों को खोलने से रोका गया तो व्यापारियों में नाराजगी बढ़ी। गुस्सा तब फूटा जब पुलिस ने बाजार के चारों ओर नाके लगाकर चौपहिया व दुपहिया वाहनों को बाजार में जाने से रोक दिया। इससे करीब अस्सी फीसदी ग्राहक कर्ण बाजार की ओर गए ही नहीं। विरोध में कर्ण बाजार के व्यापारियों ने सभी दुकानों को बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने कर्ण गेट बाजार के प्रधान श्याम बत्रा, हरियाणा व्यापार मंडल करनाल शाखा के प्रधान कृष्ण लाल तनेजा, विनीत खेड़ा, भारत भूषण, नरेश गोयल, मंजीत बाबा, विकास कुमार आदि व्यापारी नेताओं के साथ बैठक की। जिसमें व्यापारियों ने बिना विश्वास में लिए सिर्फ कर्ण गेट में ही ऑड ईवन लागू करने, नाके लगाकर वाहनों को रोकने आदि पर कड़ी नाराजगी जताई। प्रशासन ने इसे ट्रायल बताते हुए पूरे शहर में लागू करने की बात कही। साथ ही पार्किंग सहित अन्य समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इस पर दो घंटे के बाद बाजार को खोल दिया गया। तय हुआ कि ग्राहक वाहनों को पार्क करके पैदल ही बाजार में जाएंगे, ताकि भीड़भाड़ को नियंत्रित किया जा सके। दो दिन के बाद ट्रायल की समीक्षा के बाद अन्य क्षेत्रों में भी ऑड ईवन लागू कर दिया जाएगा। दोपहर बाद उपायुक्त निशांत कुमार यादव भी कर्ण गेट व गुड़ मंडी पहुंचे और दुकानदारों से बातचीत की।
-पार्किंग को जगह देने और बैरिकेडिंग को दूर लगाने पर प्रशासन सहमत हो गया है। व्यापारी जिला प्रशासन के साथ हैं। अब किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। हम भी चाहते हैं कि दुकानें तो खुले लेकिन भीड़भाड़ न हो, सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे। दुकानदारों से भी कहा गया कि वह मास्क पहनें, सभी कर्मचारी भी मास्क पहनकर ही रहें।
विज्ञापन

-कृष्ण लाल तनेजा, प्रधान-ह रियाणा व्यापार मंडल करनाल।
-जिला प्रशासन से दुकानों को खोलने का समय सुबह 10 से पांच बजे तक करने की मांग की गई थी। कर्ण गेट में करीब 250 दुकानें हैं, किसी को विश्वास में लिए बिना ही ऑड ईवन लागू कर बैरिकेडिंग करके वाहनों को रोका तो ग्राहक भी नहीं आए। इस कारण दुकानदार भड़क गए थे। अब सभी सहमत हैं।
-विकास कुमार, मेडिकल स्टोर संचालक कर्ण गेट।
-उपायुक्त करनाल के निर्देशों का पालन तो सभी व्यापारी कर रहे हैं, लेकिन कर्ण गेट के विषय में जो निर्णय लिया गया, इसकी सभी को जानकारी नहीं हो सकी। बाजार खुलेगा, सभी सहयोग करेंगे लेकिन पुलिस को ट्रैफिक की व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। जो भी व्यवस्था दी गई है, उसका पालन किया जाएगा।
-संजय आहूजा, व्यापारी पूजा पैलेस, करनाल।
-देखिये, कोरोना से लड़ाई लड़नी है, अर्थ व्यवस्था को भी बनाए रखना है। लोगों को भी चाहिए कि अति आवश्यक होने पर ही घर से निकले जो जरूरी है उसकी ही खरीदारी करें। एक दिन में ही सारी खरीदारी करने की न सोचें। बाजार भी यहीं है, हम सब भी यहीं हैं। हड़बड़ाने की आवश्यकता नहीं है।
-अंकुर गुप्ता, व्यापारी नेता करनाल।
-दुकानें खुलनी बेहद जरूरी है, क्योंकि लोगों के पास जरूरत का सामान नहीं रह गया है। सुबह बाजार बंद हो गया था, जब दुकानें खुली तो ग्राहकों की संख्या भी बढ़ी लेकिन एक एक करके ही ग्राहकों को दुकान के अंदर आने देते हैं, ताकि सोशल डिस्टेसिंग बनी रहे। हम कारोबार करना चाहते हैं लेकिन उससे पहले लोगों को सुरक्षित रखना भी चाहते हैं।
-लकी बहल, जूता चप्पल दुकानदार कर्ण गेट।
अन्य क्षेत्रों में भी शीघ्र लागू करेंगे ऑड ईवन : उपायुक्त
-अभी ट्रायल के तौर पर कर्ण गेट में ऑड ईवन लागू किया गया है, सभी व्यापारी सहयोग कर रहे हैं। शीघ्र ही कुंजपुरा रोड, गुड़मंडी व अन्य इलाकों में भी यह व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जा रहा है। वाहनों को बाजार में लाने की इजाजत नहीं होगी। इसके लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। सीनियर सिटीजन व बच्चों को तो वैसे भी बाहर नहीं निकलना चाहिए। लोगों को स्वयं भी व्यवस्था में सहयोग करते हुए मास्क लगाने की अनिवार्यता के साथ सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना चाहिए। क्योंकि यदि लापरवाही हुई और कोरोना पाजिटिव केस बढ़े तो दिक्कत बढ़ सकती है।
-निशांत कुमार यादव, उपायुक्त करनाल।
दूसरे दिन भी लगा कि आज ही सब कुछ खरीदना है
-शहर का बाजार दूसरे दिन खुला तो स्थिति पहले दिन की तरह ही हो गई। कर्ण गेट को छोड़कर अन्य सभी बाजारों में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। खरीदार इतने उतावले दिखे कि मानों वह आज ही सब कुछ खरीद लेंगे। यह भी देखा गया कि एक ही घर से तीन तीन वाहनों से दो या तीन लोग बैठकर बाजार पहुंच गए। कुछ लोग तो सिर्फ अपनी कार की बैटरी चार्ज करने के लिए सड़कों पर फर्राटा भरते दिखे। यही कारण रहा कि कई चौराहों पर आज भी जाम की स्थिति बनी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें