माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/असंध। रतक रोड पर ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटी अंजू और अक्षु की मौत हो गई है। महिला के पति मेडिकल स्टोर संचालक बंटी (35) की हालत गंभीर है। बंटी को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
असंध के थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि रतक गांव के बंटी अपनी पत्नी अंजू (30) और तीन साल की बेटी अक्षु के साथ किसी काम से असंध गए थे। बंटी डीघ गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। काम पूरा करने के बाद बुधवार की दोपहर को परिवार के साथ बाइक से गांव लौटते समय हादसा हुआ। रतक रोड पर सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राॅली से बाइक की टक्कर हो गई। बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में तीन वर्षीय अक्षु की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल पति-पत्नी को असंध के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान अंजू ने भी दम तोड़ दिया। बंटी को गंभीर अवस्था में करनाल के अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा अचानक हुआ और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। ट्रैक्टर ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है।
-