नीलोखेड़ी। मनक माजरा गांव के पास जीटी रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर पलट गया और चालक जसकरण की मौत हो गई। मृतक जसकरण पंजाब के संगरूर जिले के गांव धधोगल का रहने वाला है और मक्की की कटाई करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर घरौंडा जा रहा था।
ईशडा गांव जिला संगरूर निवासी जगतार सिंह ने बताया कि वह और जसकरण निवासी धधोगल गांव जिला संगरूर मक्की काटने का काम करते हैं और घरौंडा में मक्की काटने के लिए 30 मई को अपने गांव से निकले थे। जसकरण अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आगे चल रहा था। इस दौरान 31 मई की सुबह करीबन आठ बजे मनक माजरा के पास पीछे से तेज गति से आ रही कार ने ट्राली को टक्कर मार दी।
इससे जसकरण का ट्रैक्टर पलट गया और जसकरण उसके नीचे दब गया। आसपास के लोगों की मदद से जसकरण को बाहर निकालकर स्थानीय सरकारी अस्पताल लेकर गए। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक सचिन ने बताया कि जसकरण शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।