- पॉलिटेक्निक में ओपन काउंसलिंग से होंगे दाखिले, कल लगेगी मेधा सूची, पांच और छह को जमा करा सकेंगे फीस
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पॉलिटेक्निक में अब ओपन फिजिकल काउंसलिंग के तहत दाखिले दिए जाएंगे। इस काउंसलिंग में हिस्सा लेने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि एक अगस्त है। ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आज हर हाल में फार्म भर लें। दो अगस्त को मेधा सूची जारी की जाएगी।
ओपन काउंसलिंग दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण छह अगस्त तक चलेगा। इसके बाद भी सीटें बचीं तो दूसरा चरण आठ अगस्त से शुरू होगा। जारी अधिसूचना के अनुसार, पहली अगस्त तक अभ्यर्थी को दाखिला लेने के लिए ऑफलाइन आवेदन फार्म भरना होगा। इसके बाद दो अगस्त को मेधा सूची जारी की जाएगी। इसी के आधार पर पांच और छह अगस्त को ओपन फिजिकल काउंसलिंग होगी। जबकि दूसरे चरण में सीट बचने पर आठ अगस्त से 15 सितंबर तक रोजाना ऑफलाइन काउंसलिंग करके दाखिले दिए जाएंगे।
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में तीन साल के डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स (10वीं पास) और डिप्लोमा इंजीनियरिंग लिट्रेल एंट्री के लिए आवेदन मांगे गए हैं। सीट आवंटित होने पर तुरंत फीस भी जमा करानी होगी। विदित हो कि दो चरणों की निर्धारित दाखिला प्रक्रिया 29 जुलाई तक चली। करनाल जिले में नीलोखेड़ी में एक मात्र राजकीय बहुतकनीकी संस्थान है। जहां पर 600 सीटें हैं। डिप्लोमा इंजीनियरिंग में 178 और लिटरेल एंट्री में 28 सीटें ही रिक्त हैं।
ऐसे चलेगी ओपन फिजिकल काउंसलिंग
- 01 अगस्त तक : संस्थान में आवेदन पत्र जमा कराना होगा।
- 02 अगस्त को : संस्थान स्तर पर मेरिट सूची जारी की जाएगी।
- 05 अगस्त को : सभी श्रेणी में संस्थागत ओपन फिजिकल काउंसलिंग होगी।
- 06 अगस्त को : संस्थान स्तर पर आरक्षित सीटों को मर्ज करते हुए फिजिकल काउंसलिंग होगी।
आवेदन के लिए यह हैं निर्देश
- एचएसटीईएस की ऑनलाइन प्रक्रिया के समय किया गया पंजीकरण मान्य नहीं होगा। दाखिला लेने के लिए अभ्यर्थी को फार्म नए सिरे से भरना होगा।
- फॉर्म सभी जरूरी दस्तावेज सहित एक अगस्त शाम 5 बजे से पहले तक संस्थान में आकर जमा करवाना होगा या फॉर्म में दी गई मेल आईडी admgpnilokherigmail.com पर सभी जरूरी दस्तावेज सहित भेजना होगा।
- मेधा सूची दो अगस्त को संस्थान की वेबसाइट gpnilokheri.ac.in पर अपलोड कर दी जाएगी।
- दाखिला पूर्णतया संस्थान द्वारा योग्यता प्रमाण पत्र के आधार पर बनाई गई की मेरिट पर किया जाना है।
- दाखिले के लिए संस्थान में अभ्यर्थी का आना अनिवार्य है।
एक अगस्त आवेदन करने की अंतिम तिथि है। दाखिला फीस सीट आवंटित होते ही तुरंत जमा करानी होगी। दाखिला फीस 4600 रुपये है। जबकि लड़कियों और टीएफडब्ल्यू श्रेणी के लिए 3100 रुपये फीस निर्धारित की गई है।
- ज्वाला प्रसाद, प्रिंसिपल, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान नीलोखेड़ी