करनाल। धान खरीद का आज अंतिम दिन है, तीनों एजेंसियां सभी मंडियों में धान की खरीद नियमित रूप से करेंगी। वीरवार की शाम तक 1030045 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है, जो पिछले साल से 189597 मीट्रिक टन ( 18 लाख 95 हजार 970 क्विंटल) अधिक है। ये कारनामा तब हुआ, जब किसान और आढ़ती लगातार कहते रहे कि इस बार खेतों में मौसम की खराबी के कारण 20 से 30 प्रतिशत धान की पैदावार कम हुई है। वीरवार को जिले की मंडियों में कुल 132 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई, जिससे शाम तक कुल खरीद 1030045 एमटी तक पहुंच गई। मार्केट कमेटी सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि 14 नवंबर को तीनों सरकारी एजेंसियां खाद्य आपूर्ति विभाग, हैफेड व हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से पीआर धान की आखिरी सरकारी खरीद की जाएगी। इसके बाद पीआर धान की सरकारी खरीद नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी आढ़ती को निर्देश दिए कि वे सभी अपने- अपने किसानों को सूचित कर दें कि किसानों के पास धान शेष है तो मंडियों में ले आएं। अब तक हुई खरीद में खाद्य आपूर्ति ने 684800 एमटी, हैफेड ने 206092 व एचड्ब्लयूसी ने 139153 एमटी धान की खरीद की है। मंडियों में सर्वाधिक करनाल अनाज मंडी में 169818 एमटी, निसिंग में 155943 एमटी, तरावड़ी में 138567, घरौंडा में 137369. असंध में 136674 व इंद्री अनाज मंडी में 112079 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। संवाद