- हरियाणा रोडवेज ने सामान्य पास बनवाने की प्रक्रिया में किया फेरबदल
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रोडवेज बस का सामान्य पास बनवाने के लिए अब हर बार फार्म भरना होगा। नए नियम के अनुसार अब सामान्य बस पास बनवाने वालों को हर बार रोडवेज बस पास का फार्म, प्रार्थी के आधार कार्ड की फोटोकॉपी सहित नवीनतम फोटो भी देनी होगी। इस नए नियम के बाद एक तरफ रोडवेज बस पास बनाने वाले कर्मचारियों का कार्य बढ़ गया है। वहीं बस पास बनवाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इससे पहले पहली बार बस पास बनवाते समय ही फार्म, आधार कार्ड और फोटो देना होता था। जिसके बाद अगले माह या जब कभी भी आवेदक को बस पास बनवाना होता था तो पुराने बस पास के पास नंबर से नए बस पास के लिए आवेदन कर दिया जाता था और आवेदक की ओर से ऑनलाइन रुपये भरकर नया पास बनाकर दे दिया जाता था। जिसमें मात्र 15 मिनट का समय ही लगता था, लेकिन नए नियम के बाद अब हर बार बस पास बनवाने के लिए आवेदक को फार्म सहित अन्य दस्तावेज जमा कराने के बाद ही नया बस पास बनाया जाएगा। ऐसे में आवेदनकर्ता के साथ-साथ रोडवेज बस पास बनाने वाले कर्मचारियों की भी परेशानी बढ़ गई है।
रोडवेज कर्मचारियों की बढ़ी परेशानी
नए नियम के बाद रोडवेज कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। जहां पर पहले कागजी काम कम होने के कारण दस्तावेज संभालने की समस्या नहीं होती थी, लेकिन अब कागजी कार्यवाही के साथ-साथ एक बस पास बनाने में भी अधिक समय लग रहा है, क्योंकि पहले पुराने बस नंबर के साथ नया पास जनरेट हो जाता था, लेकिन नए व्यवस्था के बाद कर्मचारियों को पास बनवाने वाले आवेदक का नाम सहित अन्य जानकारी नए तरीके से ऑनलाइन भरनी होगी। जिसके बाद ही पास की आगामी कार्यवाही होती है।