फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अभिनेता बनने के लिए 14 साल के किशोर ने रची अपहरण की कहानी

विज्ञापन
विज्ञापन
मुंबई जाकर एक्टर बनने की ख्वाहिश में एक 14 वर्षीय किशोर ने स्वयं के अपहरण की फिल्मी कहानी रच डाली। इसके तहत घर से बैग, कपड़े और नकदी लेकर वह मुंबई के लिए रवाना हुआ। इस दौरान परिजनों को फोन कर उसने अपने अपहरण की सूचना दी। साथ ही बताया कि माता-पिता का एक्सीडेंट होने की बात कहकर कुछ लोगों ने उसे अपह्त कर लिया है। इकलौते बेटे के अपहरण की सूचना से परिजनों के पैर के नीचे की जमीन खिसक गई। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बच्चे के अपहरण की सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कार्रवाई के लिए टीम गठित की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने किशोर को चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बरामद किया। जिससे पूछताछ के बाद मामले का खुलासा हुआ।
विज्ञापन

दरअसल पूजा नगर में रहने वाला 9वीं कक्षा का 14 वर्षीय छात्र शुक्रवार को घर पर अकेला था। उसके माता पिता सुबह बाजार में शॉपिंग के लिए गए थे। बच्चे को बोले गए थे कि जब तक वे बाजार से वापस न आ जाएं घर से कहीं मत जाना। लेकिन जब अभिभावक घर पर पहुंचे तो बेटे को न पाकर परेशान हो गये। थोड़ी देर में पिता के मोबाइल पर बच्चे के मोबाइल से मैसेज आया कि मम्मी मुझे कोई गाड़ी में बिठाकर ले गया है। गाड़ी में ले जाने वाले व्यक्ति ने कहा कि आपके पापा सिविल अस्पताल में दाखिल हैं।
परिजनों ने तुरंत मामले की जानकारी महेश नगर थाना प्रभारी अजायब सिंह को दी। मामला अपहरण से जुड़ा होने के कारण एसपी हामिद अख्तर ने तुरंत पुलिस टीमों का गठन कर दिया। परिजनों ने बताया कि घर से करीब 12 हजार रुपये भी गायब हैं।
विज्ञापन

एसपी ने जांच का जिम्मा महेश नगर थाना पुलिस के साथ सीआईए-1, 2 और क्राइम ब्रांच टीमों को सौंप दिया। इसके बाद जब बच्चे के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई तो वह डेराबसी के पास की आई। टीम पीछा करने लगी तो लोकेशन कुछ देर में चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट की मिली। यहां टीम पहुंची तो बच्चा मुंबई जाने वाली फ्लाइट का इंतजार करता मिला। इसके बाद पूरी मामला शीशे की तरह साफ होता चला गया। पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह मुंबई जाकर अभिनेता बनना चाहता है। इसी कारण घर से फरार हो गया था। जांच के दौरान बच्चे के पास से 12 की जगह 18 हजार रुपये भी मिले। यह सारे रुपये वह घर से ही लेकर निकला था।
बच्चे को मात्र तीन घंटे में हमारी टीम ने सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचा दिया है। बच्चा मुंबई जाकर एक्टर बनना चाहता था, इसलिए उसने अपने अपहरण की कहानी बनाई। उसे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से बरामद कर लिया गया है।
विज्ञापन

--हामिद अख्तर, एसपी अंबाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें