करनाल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में मंगलवार को लगभग तीन किलोमीटर तक निकाली गई तिरंगा यात्रा को शहरवासियों ने यादगार बना दिया। हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदेमातरम के उद्घोषों से कर्णनगरी को गुंजायमान कर दिया। शहरवासियों ने जगह-जगह पर यात्रा पर फूलों की बारिश की। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और डीसी से लेकर एसपी तक शामिल रहे।
सेक्टर-12 में आयोजित कार्यक्रम सीएम मनोहर लाल ने जनता का आह्वान किया कि सभी को देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए बड़े से बड़ा योगदान और बलिदान देने का संकल्प लेने की जरूरत है। तिरंगा यात्रा युवाओं में देशभक्ति की भावना, देश के प्रति सद्भावना, एकता और अखंडता बनाए रखने का का जज्बा पैदा करती है। तिरंगे की आन-बान-शान को बनाए रखते हुए समाज के हर व्यक्ति को राष्ट्रभक्ति के प्रति कृत संकल्प होने की जरूरत है। आजादी के लिए संघर्ष करने वाले राष्ट्र नायकों के बलिदानों से जन-जन विशेषकर युवा पीढ़ी को परिचित करवाने के लिए हमारे प्रधानमंत्री ने 9 अगस्त को देशभर में विभिन्न स्थानों पर समारोह आयोजित करने और तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि अपने कौशल का विकास करके देश की उन्नति व प्रगति में मील का पत्थर साबित हों।
वंदेमातरम् गीत से की शुरुआत
बीजेपी की नेता निरूपमा ने वंदे मातरम् गीत गाया और मंच का संचालन पार्टी के प्रदेश के महामंत्री वेदपाल ने किया। कार्यक्रम में उदयपुर से आईं जादुगर आंचल ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद अश्विनी चोपड़ा, प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्णदेव कांबोज, मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेंद्र सिंह, नीलोखेड़ी के विधायक एवं बीजेपी के जिलाध्यक्ष भगवान दास कबीरपंथी, थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, पूर्व मंत्री आईडी स्वामी, पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता, मेयर रेनू बाला गुप्ता, सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग आदि मौजूद रहे।
शहीदों को अर्पित किए पुष्प
तिरंगा यात्रा सेक्टर-12 से शुरू होकर पहले चौक पर बनी मदन लाल ढिंगड़ा स्मारक पर पहुंची। यहां पर सीएम ने शहीद की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके बाद यात्रा अस्पताल चौक, कुंजपुरा रोड, सब्जीमंडी चौक, कमेटी चौक, बस स्टैंड के सामने से गुजरती हुई शहीद स्मारक पर पहुंची। वहां पर मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद यात्रा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर पहुंची। ,वहां पर मुख्यमंत्री ने भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
बॉक्स
घरों और दुकानों से बाहर आकर किया स्वागत
यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति की भावना में सराबोर नजर आया। शहर में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने अपनी दुकानों के बाहर और घरों के ऊपर खड़े होकर यात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया।
बाक्स
मेयर के घर से निकला काफिला
चौधरी हाउस कॉलोनी से वाहनों के काफिले के साथ सैकड़ों युवाओं का जत्था तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस काफिले का नेतृत्व नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता और समाजसेवी बृज गुप्ता ने किया। वाहनों का यह काफिला चौधरी हाउस कॉलोनी से माल रोड, अंबेडकर चौक, एनडीआरआई चौक, कुुंजपुरा रोड, माडल टाउन होता हुआ सेक्टर-12 स्थित शहीद मदन लाल ढींगड़ा की प्रतिमा के समीप मुख्यमंत्री मनोहर लाल के काफिले में शामिल हुआ। मेयर ने कहा कि शहीदों के बलिदान की बदौलत ही हमें आजादी हासिल हुई है। इसलिए हमें शहीदों को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने तिरंगा यात्रा में भाग लेने वाले सभी युवाओं का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा, गांव ऊंचा समाना के सरपंच निशांत राणा भी सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों के काफिले के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इससे पहले पूरे जत्थे ने पक्के पुल पर मत्था टेका।