माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। देर रात आए तूफान ने नेशनल हाईवे की रफ्तार पर लगाम कस दी। तूफान के चलते अंबाला -दिल्ली और अंबाला जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिजली के पोल, पेड़ गिरने के कारण जाम लग गया। इतना ही नहीं तूफान से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई वहीं दूसरा व्यक्ति करंट की चपेट में आने से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वीरवार की देर रात आए तूफान ने सब कुछ अस्त व्यस्त कर डाला। हाइवे पर पेड़ टूटने से दौड़ रहे वाहनों के पहिए थम गए। इतना ही नहीं नारायणगढ़ के गांव ज्योली निवासी 29 वर्षीय युवक प्रदीप दुखेड़ी रोड पर तूफान से बचने के लिए अपने छोटा हाथी वाहन को साइड में खड़ा कर बचने की कोशिश करने लगा इसी बीच उसके ऊपर एक पेड़ गिर गया। जिसके बाद राहगीरों ने उसे पेड़ के नीचे से निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं महेश नगर का रहने वाला कर्मचंद करंट की चपेट में आ गया। बताया गया है कि वह अपना गेट बंद करने गया था इसी समय उसे करंट लग गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं लोगों ने बताया है कि तूफान से काफी नुकसान हुआ है।
जाम के चलते दिल्ली, चंडीगढ़ और हिमाचल को जाने वालों को हुई दिक्कतें
अंबाला के अलावा शाहाबाद में मारकंडा पुल पर रात 11:10 बजे तक जाम लगा था। वाहन चालक जाम से जूझ रहे थे। जाम की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी। देर रात तक जाम नही खुल पाया था। जाम के चलते दिल्ली, चंडीगढ़, यमुनानगर, हिमाचल और इनसे जुड़े एरिया में जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ी जानकारी के अनुसार देर रात करीब 11 बजे तेज तूफान आ गया। इसके कारण बिजली के पोल के साथ हाईवे पर पेड़ भी गिर गए। इतना ही नही कई होटल , ढाबों और संस्थानों पर लगे बोर्ड तक टूटकर नीचे गिर गए।