संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। इंद्री बस अड्डे के अंदर मोटरसाइकिल व स्कूटर पार्किंग पर तीन गुने से अधिक शुल्क वसूला जा रहा है। कर्मचारियों ने बुजुर्ग ऋषिपाल निवासी बुढ़नपुर खालसा से पार्किंग शुल्क के नाम निर्धारित 20 रुपये की जगह जबरन 100 रुपये मांगे। वृद्ध नहीं माने तो स्कूटर नहीं दिया। पुलिस में शिकायत करने के बाद स्कूटर दिया गया। ऋषिपाल ने पार्किंग के ठेकेदार के खिलाफ महाप्रबंधक कार्यालय चंडीगढ़ में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि 30 जनवरी को वह पत्नी की दवा लेने के लिए पीजीआई चंडीगढ़ गए थे। देर रात इंद्री बस अड्डे पर उतरे। रात करीब 10:30 बजे पार्किंग में स्कूटर लेने पहुंचे तो वहां शराब के नशे में धुत व्यक्ति बैठे थे। उन्होंने स्कूटर देने के बदले 100 रुपये मांगे। ऋषिपाल ने बताया कि अधिकतम शुल्क तो 20 रुपये ही बनता है। उन्होंने अपनी मजबूरी बताई लेकिन कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं मारी। एक कर्मचारी ने उनसे हाथापाई करने की भी कोशिश की। उन्होंने मटक-माजरी निवासी अपने रिश्तेदार को मौके पर बुलाया लेकिन स्कूटर नहीं दिया गया।
रात करीब 11 बजे वे थाना इंद्री पहुंचे, जहां दो पुलिसकर्मियों ने बस अड्डे पर पहुंचकर स्कूटर दिलवाया। सर्द रात में करीब एक बजे ऋषिपाल घर पहुंचे।
ठंड लगने से हुए बीमार
शिकायत में कहा गया है कि रात में ठंड लगने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अगले दिन अस्पताल में भी दाखिल होना पड़ा। उन्होंने इसकी शिकायत महाप्रबंधक करनाल को दी लेकिन ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब डाक के माध्यम से अपनी शिकायत हरियाणा रोडवेज महाप्रबंधक चंडीगढ़ को शिकायत भेजी है।
ये हैं निर्धारित रेट
पार्किंग ठेकेदार की ओर से जो पार्किंग रसीद दी जाती है, उस पर पार्किंग का समय सुबह 7 से शाम 7 बजे व रात्रि चार्ज डबल अंकित है। जबकि हरियाणा रोडवेज की ओर से पार्किंग के लिए जारी आदेशों में पार्किंग समय सुबह 6 से रात 10 बजे तक का है। पार्किंग शुल्क मोटरसाइकिल व स्कूटर के लिए 12 घंटे तक दस रुपये व प्रति चौबीस घंटे के लिए बीस रुपये निर्धारित है।
इनका कहना है-मैंने अपनी मोटरसाइकिल 21 फरवरी को दोपहर 12: 45 पर इंद्री बस अड्डे की पार्किंग में खड़ी की थी। 22 फरवरी को जब सुबह 11:30 बजे मैं अपनी मोटरसाइकिल लेने गया तो, मौके पर मौजूद कर्मचारी ने 40 रुपये मांगे। जबकि अधिकतम शुल्क 20 रुपये बनते हैं। जबरदस्ती 30 रुपये वसूल किए- शम्मी, इंद्री
- पार्किंग ठेकेदार के मनमर्जी के रेट हैं। मोटरसाइकिल, स्कूटर हो या हेलमेट हो, हर सर्विस के मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है। कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन विभाग के अधिकारियों की अनदेखी के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई- विशाल वर्मा
वर्जन-
पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ अवैध वसूली को लेकर दो-तीन शिकायतें मिली हैं। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है- नीरज शुक्ला, इंद्री बस अड्डा इंचार्ज
वर्जन-
पार्किंग में बैठा कर्मचारी नया है। उसे विभाग की ओर से निर्धारित रेट लिस्ट दे दी जाएगी। उसकी वजह से अगर किसी को परेशानी हुई है तो मैं खेद प्रकट करता हूं- अमित, पार्किंग ठेकेदार, बस अड्डा, इंद्री