जिले में तीन अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। तीनों मामलों में घरौंडा व सदर थाना पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। शिकायत के आधार पर वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पहले हादसे में गांव गेदंपुर जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश निवासी सुशील कुमार ने बताया कि उसके पास एक कैंटर है, जिस पर उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर के गांव पिलखांवाला निवासी हुकम सिंह पिछले एक साल से ड्राइवर था। तीन अप्रैल की रात को करीब 10 बजे हुकम सिंह कैंटर में धान की बोरियां भरकर सिकंदराबाद से निसिंग के लिए चला था। वह भी अपने बेटे सुमित के साथ कार में सवार होकर कैंटर के पीछे चल रहा था। जब करनाल से बाहर निकलकर कैथल रोड चिड़ाव मोड़ के समीप पहुंचे तो रविवार की सुबह करीब सात बजे एक ट्रक सड़क के बीच में खड़ा था। इस दौरान कैंटर की टक्कर ट्रक से हो गई और ड्राइवर हुकम सिंह कैंटर में फंस गया। लोगों की मदद से मशक्कत के बाद कैंटर से हुकम सिंह को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
दूसरा हादसा-
घरौंडा प्रेम नगर निवासी जागीर सिंह ने बताया कि तीन अप्रैल को वह पैदल सैर करने के लिए प्रेम नगर से गांव गढ़ी खजूर की तरफ सड़क पर चल रहे थे। जब वह मुंडो गढ़ी मोड़ पर पहुंचे तो गढ़ी खजूर की तरफ से एक ट्रैक्टर ट्राली तेज गति से आई और प्रेम नगर की ओर से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक जख्मी हो गए। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया, जहां पर कुलदीप सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और बॉबी का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है।
तीसरा हादसा-
वीग कालोनी निवासी राजकुमार ने बताया कि वह पेंटर है। तीन अप्रैल को वह अपने भाई राजिंद्र के साथ थ्री व्हीलर लेकर अपने प्लाट की तरफ निकला था। उनका प्लाट मलिकपुर रोड पर है, जब मलिक पुर रोड पर पहुंचा तो उधर से एक टेंपू तेज रफ्तार में आया और थ्री व्हीलर में टक्कर मार दी, जो उसका भाई चला रहा था। हादसे में भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लेकर वह अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद आरोपी टेंपू चालक मौके से फरार हो गया।