- आरोपियों से चोरीशुदा आठ मोटरसाइकिलें बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला पुलिस की एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट टीम ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरीशुदा आठ मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
डीएसपी करनाल-2 गौरव फोगाट ने बताया कि छह मई को एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट इंचार्ज उपनिरीक्षक रोहतास की अध्यक्षता में टीम ने आरोपी रणजीत महतो निवासी गली आरके पुरम करनाल, राहुल निवासी रामनगर करनाल हाल खेड़ा छपरा करनाल व बिजेंद्र वर्मा निवासी गांव सिरसी जिला करनाल को चोरी की मोटरसाइकिलों सहित विभिन्न स्थानों से सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। आरोपी रणजीत महतो ने बताया कि उसने नवंबर 2022 में एक बाइक थाना सिविल लाइन करनाल के एरिया से व अप्रैल 2023 में एक मोटरसाइकिल थाना सदर करनाल से चोरी की थी। आरोपी पहले भी मोटरसाइकिल चोरी, स्नैचिंग व झगडे के मामलों में बाल सुधार गृह अंबाला व मधुबन में रह चुका है।
आरोपी राहुल ने बताया कि सितंबर 2019 में एक मोटरसाइकिल थाना शहर करनाल एरिया से, अक्टूबर 2021 में एक मोटरसाइकिल थाना सदर के एरिया से व एक मोटरसाइकिल मार्च 2023 में थाना शहर के एरिया से चोरी की थी। इसके अलावा आरोपी विजेंद्र वर्मा ने बताया कि उसने अप्रैल व मई 2023 में थाना सेक्टर 32-33, थाना सदर व थाना सिविल लाइन के एरिया से मोटरसाइकिल चोरी की कुल तीन वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ पहले भी मोटरसाइकिल चोरी करने के करीब पांच मामले दर्ज हैं और इन मामलों में आरोपी सजा भी काट चुका है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।