सीएम के प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन, सीएम आवास की ओर जाने पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राष्ट्रीय कामगार संघ के बैनर तले प्रदेशभर के असंगठित मजदूरों, कर्मचारियों व परियोजनाकर्मियों ने रविवार को करनाल में प्रदर्शन किया। फव्वारा पार्क में सभा करने के बाद कर्मचारी सीएम आवास का घेराव करने निकले, लेकिन गांधी चौक पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक लिया। जिसके बाद अपनी मांगों का ज्ञापन सीएम प्रतिनिधि संजय बठला को सौंपा।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की अगुवाई प्रांतीय प्रधान इंद्र सिंह मलिक एवं प्रांतीय महामंत्री जंग बहादुर यादव ने की। भवन एवं सनिर्माण कामगार संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, मंडी मजदूर संगठन के सचिव सुरेंद्र मेहतो एवं बलराज कश्यप ने अपने विचार रखे। इंद्र सिंह मलिक एवं जंग बहादुर यादव ने कहा कि बीते साल अगस्त और दिसंबर में दो बार प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन करनाल में किए गए। दोनों बार सीएम प्रतिनिधियों ने ज्ञापन लेकर सीएम से वार्ता करवाने का आश्वासन दिया। खेद की बात है कि आज तक वार्ता नहीं करवाई गई। प्रदेश के श्रमिकों में रोष बढ़ता जा रहा है। सरकार श्रमिकों को कमजोर वर्ग समझने की गलती न करे।
उनकी मांग है कि आयुष विभाग में कार्यरत पार्ट टाइम कर्मचारियों को नियमित एवं पूर्ण कालिक किया जाए। मिड डे मील वर्करों को पूरे 12 माह का वेतन दिया जाए। शिक्षा विभाग में पार्ट टाइम कर्मचारियों को पक्का किया जाए एवं स्वीपर कम चौकीदार को विशेष वेतनमान पांच हजार रुपये दी जाए। नौकरी से निकाली गई आंगनबाड़ी वर्करों को बहाल किया जाए। भवन निर्माण श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन ऑफलाइन किया जाए। मंडियों में इलेक्ट्रॉनिक मशीन का उपयोग बंद कर मजदूरों के लिए विश्राम भवन बनाए जाएं। इस अवसर पर दलशेर सिंह, पूनम ठाकुर, युद्धवीर सिंह, सुनीता, अनीता, कृष्णा देवी, रेखा, मीना, ताराचंद, राजमल, राजपाल, सोमनाथ, रामकुमार मंडी प्रधान, सुरेंद्र मेहतो, कश्मीरी लाल, सूबे खान, इंद्रावती, रामदिया व कौशल्या आदि मौजूद रहे।