- महिला से दुष्कर्म हुआ है या नहीं एफएसएल की रिपोर्ट में होगा खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। दिल्ली की युवती की असंध के ब्लू होटल में बुलाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि होटल में युवती के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं। पुलिस एफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिसके बाद मामले में कुछ पता चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के तिलक नगर की रहने वाली युवती का सोनीपत के कामी गांव निवासी मनोज से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई थी। रविवार को प्रेमी के कहने पर युवती दिल्ली से असंध स्थित ब्लू होटल में आई थी। रविवार रात होटल में युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हो गया था कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई थी मगर दुष्कर्म की पुष्टि अभी तक पुलिस नहीं कर पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
हत्या के मामले में जांच की जा रही है। एफएसएल लैब से रिपोर्ट आनी बाकी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती के साथ होटल में दुष्कर्म हुआ है या नहीं। एफएसएल रिपोर्ट के आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
बलजीत सिंह, असंध थाना प्रभारी