घरौँडा घटना की जानकारी देता बुजुर्ग।
घरौंडा। रेलवे रोड पर एक सब्जी बेचने वाले ने रात डेढ़ बजे बुजुर्ग दुकानदार का परने से गला दबाकर करीब 20 हजार रुपये लूटकर भाग गया। दुकानदार ने बमुश्किल निकट के अस्पताल में छिपकर जान बचाई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। ऐसा पहली बार हुआ कि जब किसी लुटेरे ने सब्जी विक्रेता बनकर वारदात को अंजाम दिया।
गांव कैमला निवासी रविदत्त शर्मा की रेलवे रोड घरौंडा में आयरन मर्चेंट के नाम से दुकान है। वीरवार शाम उसने एक रेहड़ी वाले से सब्जी खरीदी। बाद में सब्जी वाला रात लगभग आठ बजे आकर दुकानदार की दुकान के आगे बैठ गया। कुछ समय बाद दुकानदार अंदर से दुकान बंद करके छत पर बने कमरे में चला गया। रात लगभग डेढ़ बजे बुजुर्ग दुकानदार सो गया। तभी वह सब्जी वाला किसी रास्ते से चढ़कर छत पर पहुंचा और दुकानदार को उठाया और उसने दुकानदार का परने से गला दबाकर रुपयों मांगे। दुकानदार के पास 20 हजार रुपये और जेवरात ले लिए। इसके बाद और पैसे मांगने लगा। दुकानदार दुकान से रुपये लाने की बात कहकर नीचे आया और दुकान का शटर खोलकर नजदीक के एक प्राइवेट अस्पताल में छिप गया। बाद में अस्पताल के चौकीदार के साथ दुकानदार अपनी दुकान पर पहुंचा तो आरोपी वहां से फरार हो चुका था। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि दुकानदार ने शिकायत दी है। मामले की जांच की जा रही है।