करनाल। जिले में अधिकतम और न्यूनतम तापमान ने पिछले डेढ़ दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 15 साल में सितंबर-2025 का महीना इस बार सर्वाधिक गर्म रहा है, हालांकि इस महीने में अभी 12 दिन शेष हैं, अब तक इस माह की बारिश पिछले साल के मुकाबले कम है। मौसम वैज्ञानिक इसे जलवायु परिवर्तन की नजर से देख रहे हैं।
केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (सीएसएसआरआई) की जिला मौसम वेधशाला में दर्ज किए गए तापमान के मुताबिक पिछले 15 साल में सितंबर माह में अधिकतम तापमान 31 और 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। वर्ष 2020 और 2023 में एक दिन के लिए अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर गया था लेकिन चालू वर्ष के सितंबर महीने की 15 व 16 तारीख को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो पिछले 15 साल में सर्वाधिक है।
इसी तरह सितंबर माह का न्यूनतम तापमान भी वर्ष 2020 में ही 25.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था, शेष सभी 14 साल में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से कम ही रहा है लेकिन 2025 के सितंबर महीने में 14 तारीख को 26.4 व 16 सितंबर को 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले डेढ़ दशक में सर्वाधिक है। मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी की वजह ग्लोबल वार्मिंग मुख्य वजह है, जलवायु परिवर्तन हो रहा है, जिसके कारण भविष्य में भी तापमान बढ़ने की संभावना है।
20 से हल्की बारिश के आसार
मौसम वेधशाला में वीरवार का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि शुक्रवार को भी आसमान पर बादलों की आवाजाही रहेगी, जिससे तापमान स्थिर रहने की संभावना है लेकिन 20 सितंबर से एक बार मौसम का मिजाज खुश्क हो सकता है। मानसून की विदाई की बेला है, हालांकि बिखरे बादलों से अभी कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।
15 साल का तापमान ड्रिगी में
वर्ष अधिकतम - न्यूनतम
2011 32.2 23.8
2012 32.0 23.4
2013 33.0 23.4
2014 32.3 23.4
2015 33.5 22.7
2016 33.2 24.1
2017 32.3 23.1
2018 31.5 23.2
2019 33.1 25.0
2020 34.3 25.1
2021 31.6 24.8
2022 32.4 24.4
2023 34.1 24.6
2024 32.3 24.1
2025 34.4 26.4