संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। सीआईए तीन पुलिस टीम ने गांव कुराड़ में एक युवक की पीटकर हत्या करने मामले में तीसरे आरोपी को शुक्रवार देर शाम सनौली अड्डा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जोगिंद्र उर्फ धोला निवासी बलाना के रूप में हुई। आरोपी को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि थाना सनौली में गांव कुराड़ निवासी रामेहर ने शिकायत देकर बताया था कि उसके चाचा राधे श्याम ने अपनी दो लड़कियों की शादी गांव बलाना निवासी रामेहर के लड़के जोगिंद्र व तेजिंद्र के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही अनबन होने के चलते दोनों लड़की पिता के पास घर आ गई थी। इसके बाद दोनों लड़की ससुराल वापस नहीं गई। जोगिंद्र की गांव कुराड़ में रामनिवास के साथ पहले से रिश्तेदारी थी।
31 अगस्त 2023 को जोगिंद्र गांव कुराड़ में रामनिवास के पास आया था। दोनों ने इसकी रंजिश रखते हुए उसके चाचा राधे श्याम को खेत में घेर लिया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। छह सितंबर 2023 को सुबह करीब दस बजे उसका चाचा राधे श्याम अपने पुराने मकान में जा रहा था। रास्ते में रामनिवास ने ललकारा देकर अपने बेटे अशोक, भाई जयभगवान व उसकी पत्नी सुनीता, बेटे की पत्नी पूजा व अन्य तीन-चार व्यक्तियों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी व लाठी डंडों से हमला कर राधे श्याम को चोटें मारी।
चाचा राधे श्याम ने बचाव के लिए शोर किया तो वह छुड़वाने लगा तभी आरोपियों ने उसको भी काफी चोटें मारी। परिजन राधे श्याम को इलाज के लिये नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई खानपुर के लिए रेफर कर दिया। बाद में राधे श्याम को जिला के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। आरोपियों ने बलाना निवासी जोगिंद्र के साथ वारदात को अंजाम दिया है। इलाज के दौरान अस्पताल में राधे श्याम की मौत हो गई थी।
थाना सनौली पुलिस ने सितम्बर 2023 में आरोपी रामनिवास व उसके बेटे अशोक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी व एक डंडा बरामद कर दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद अन्य आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि सीआईए थ्री पुलिस ने आरोपी जोगिंद्र को शुक्रवार देर शाम गांव सनौली अड्डा से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपी जोगिंद्र को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।