करनाल। पुलिस की सीआईए-1 टीम ने शनिवार शाम को नमस्ते चौक पर नाकाबंदी कर स्नैचिंग के मामले में फरार तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कमदल निवासी गांव शिवपुरी जिला रोहतास बिहार के तौर पर हुई है। आरोपी से छीनाझपटी में प्रयोग की गई एक मोटरसाइकिल और छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। उप निरीक्षक मोहित कुमार ने बताया कि वारदात में शामिल दो आरोपी लाड़ी निवासी डाचर और सौरभ निवासी रावड़ गांव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि उनका अन्य साथी कमदल भी इसमें शामिल था। जिसे टीम ने 26 मई को गिरफ्तार कर पांच दिन का रिमांड हासिल किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पांच वारदात अंजाम दे चुके हैं। ब्यूरो
चोरी का एक आरोपी पकड़ा
करनाल। पुलिस की थाना रामनगर टीम ने शनिवार रात को मद्रासी मोहल्ला से एक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिल निवासी शिव कॉलोनी के तौर पर हुई है। मुख्य सिपाही प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी शहर के अनेक जगहों से सीवर की जालियों को चोरी करता था। आरोपी के खिलाफ पहले भी झगड़े के मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। ब्यूरो
पिस्तौल के साथ एक गिरफ्तार
करनाल। जिला पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने शनिवार रात को चिड़ावा मोड़ से एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनुज सागर निवासी सदर बाजार के तौर पर हुई है। आरोपी से एक देसी पिस्तौल 315 बोर बरामद की है। मुख्य सिपाही खूबी सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत थाना सदर में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी झगड़े के मामले दर्ज हैं। ब्यूरो