कोरोना के डर का असर भैयादूज पर भी दिखाई दिया। ज्यादातर भाई-बहनों ने एक-दूजे के घर पहुंचने के लिए निजी वाहनों का सहारा लिया तो सड़कों पर इतना ट्रैफिक लोड बढ़ा कि शहर में दिनभर जाम की स्थिति रही। रेलवे ओवरब्रिज वाले तीनों मार्ग कैथल रोड, काछवा रोड और घोघड़ी पुर रोड की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही। कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें दिखाई दी। यहां वाहनों के बढ़े लोड के आगे पुलों की चौड़ाई भी कम महसूस हुई। सुबह से शाम तक जाम पर काबू पाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुल से पहले लगने वाले सभी चौराहों को ट्रैफिक जंक्शन में बदल पुलिस ने व्यवस्था को संभाला और बारी-बारी से वाहन निकलवाए। इसके बावजूद जाम में फंसे वाहनों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। काछवा रोड पर एक बार एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। पुलिसकर्मियों की सजगता से इसे निकलवाया गया।
एनएच-44 पर करीब 14 हजार वाहन ज्यादा रहे
शहर के अलावा एनएच-44 पर भी ट्रैफिक लोड भैयादूज के कारण ज्यादा रहा। बसताड़ा टोल प्लाजा के आंकड़ों के अनुसार, यहां रविवार रात 12 बजे से सोमवार शाम छह बजे तक महज 18 घंटे में ही 35 हजार वाहन अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा गुजरे। जबकि दिवाली व इससे पहले औसतन 20 से 22 हजार वाहन 24 घंटे में गुजरते रहे। टोल मैनेजर मुनीष के अनुसार, सामान्य दिनों में 30 से 35 हजार वाहन 24 घंटे में गुजरते हैं। भैयादूज के कारण यह आंकड़ा 18 घंटे में ही पार कर गया। इधर, असंध, इंद्री और मेरठ रोड पर भी जाम की स्थिति रही।
इस रूट पर यहां बना ट्रैफिक जंक्शन
-कैथल रोड : यहां पुल से पहले हांसी रोड चौक, पुल पार करके प्रेम नगर टी-प्वाइंट पर और पश्चिमी यमुना नहर पुल के पास
-काछवा रोड : यहां पुल से पहले पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, पुल पार करके राम नगर टी-प्वाइंट और पश्चिमी यमुना बाईपास चौक पर।
-घोघड़ी पुर रोड : यहां पुल से पहले नई अनाज मंडी रोड पर ट्रैफिक जंक्शन रहा।
-पुलिस ने इन सभी चौराहों से रूट डायवर्ट किए और वाहनों को बारी-बारी निकलवाया।
ट्रैफिक जाम खुलवाया गया। हर जगह पुलिसकर्मी तैनात थे, कई जगहों पर रूट डायवर्ट भी किए गए।
-जसविंद्र तुली, एसएचओ राम नगर
त्योहारी सीजन के कारण हर जगह पुलिस तैनात है। जिस रूट पर ट्रैफिक लोड बढ़ता है। वहां बारी-बारी से वाहनों को निकलवाने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। लोगों को दिक्कत न हो यही हमारा प्रयास है।
-रमेश ढांगी, ट्रैफिक इंचार्ज