- महिला के घर आने पर कार के लॉक की आवाज सुनकर भागे तीन आरोपी, सीसीटीवी में तस्वीरें कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पॉश एरिया सेक्टर-13 में मंगलवार शाम तीन चोरों ने डॉक्टर दंपती के मकान से चांदी का कंगन व अन्य सामान चोरी कर लिया। जब महिला डॉक्टर घर आई तो गाड़ी के लॉक होने की आवाज सुनकर तीनों भाग गए। चोरी की वारदात घर में लगी सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए।
मकान नंबर 1509 निवासी डॉ. साहिल रहेजा ने बताया कि उनका जुंडला गांव में क्लीनिक है। शाम करीब पौने चार बजे उनके घर में तीन चोर घुस गए और दरवाजा तोड़कर अलमारी से चांदी के कंगन, चांदी का हाथी और अन्य समान ले गए। जब उनकी पत्नी डॉ. रितू घर पर पहुंची तो चोर भाग गए। डॉ. रितू ने बताया कि सीसीटीवी में देखने पर पता लगा कि चोर पहले घर के पास पहुंचे थे लेकिन वापस लौट गए। कुछ देर बाद दोबारा आए और मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे। अंदर से चांदी का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने उनके प्रथम तल का दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया। चोरों के पास दरवाजा तोड़ने के लिए लोहे की रॉड भी थी लेकिन अचानक उनके आ जाने के कारण पेंचकस दरवाजे में फंसा छोड़कर भाग गए। सिविल लाइन थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि चोरी का केस दर्ज कर लिया है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।