पानीपत। डाहर गांव में चोर छत पर कपड़े सुखाने की रस्सी की मदद से जाल में से नीचे उतरे और कैमरे बंद कर बुजुर्ग ट्रांसपोर्टर का मुंह दबा लिया। ट्रांसपोर्टर झपट्टा मारा तो उनका हाथ हट गया और वह चिल्लाने लगा, जिसके बाद आरोपी छत के रास्ते से ही फरार हो गए। ट्रांसपोर्टर ने मामले की शिकायत इसराना थाना पुलिस को दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डाहर गांव निवासी 63 वर्षीय मामन शर्मा ने बताया कि बुधवार रात वह अपने कमरे में पोते सिवांशु के साथ सो रहा था। उसकी पत्नी सुमित्रा पोती के साथ दूसरे कमरे में थी। दो पुत्रवधु अपने कमरों में थी। रात करीब तीन बजे दो नकाबपोश युवक उसके कमरे में घुस आए और लाइट बंद कर दी। उसने जैसे ही शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसका मुंह व गला दबा लिया। उसने जैसे ही हाथ पर झपट्टा मारा तो एक आरोपी का हाथ हट गया, उसने तुरंत चोर-चोर चिल्लाना शुरू किया। जिसके बाद आरोपी सीढियो के रास्ते से छत से फरार हो गए। इसी बीच उसकी पत्नी और पुत्रवधु व आस पड़ोस के लोग आए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार: मामन ने बताया कि उन्होंने मकान के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें आरोपी 2:15 बजे मकान में छत के रास्ते घुसते हैं। उन्होंने पहले एक चारपाई उठाई और कपड़े सुखाने वाली रस्सी खोली। जिसको चारपाई पर बांधकर उससे जाल में से लटक कर नीचे आए और सीधा उसके कमरे में घुस आए।
एक बेटा रहता है दुबई, एक बेटे की हो चुकी मौत-
मामन ने बताया कि उसके दो बेटे हैं, जिनमें एक बेटे की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा दुबई रहता है। दोनों पुत्रवधु उनके पास रहती है। वह ट्रांसपोर्ट का काम करता था, अब वह कुछ दिनों से घर पर रह रहा है। उन्हें किसी पर शक नहीं है, पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मुहैया करा दी है।