सेक्टर 9 पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम मशीन को बदमाशों ने उखाड़ लिया और जब इस मशीन को गाड़ी में लोड करने लगे तो मौके पर पुलिस पहुंच गई। फिर बदमाश एटीएम मशीन वहीं छोड़कर अपनी गाड़ी समेत फरार हो गए। पुलिस ने एटीएम मशीन को कब्जे में लेकर पुलिस चौकी में रखवा दिया। जिसमें करीब 23 लाख 35 हजार रुपए थे जो कि सुरक्षित हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं एटीएम बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।
पुलिस 5 मिनट देरी से पहुंचती तो बदमाश ले जाते एटीएम मशीन
रविवार की रात करीब 3 बजे बदमाशों ने पहले तो बूथ का शटर उखाड़ा, उसके शीशे तोड़े फिर गाड़ी की मदद से एटीएम मशीन को उखाड़ लिया। जब मशीन को गाड़ी में लोड करने लगे तो गश्त कर रही पुलिस वहां पहुंच गई और सायरन सुनकर फरार हो गए। यदि पुलिस 5 मिनट और देरी से पुलिस पहुंचती तो बदमाश एटीएम मशीन लेकर फरार हो जाते। जिले में 350 के करीब एटीएम हैं इनमें से करीब 130 बूथों पर सुरक्षाकर्मी नहीं हैं। सुरक्षाकर्मी न होने के कारण बदमाशों का दुस्साहस बढ़ रहा है और वह एटीएम मशीन को निशाना बना रहे हैं।
अब तक हुई वारदातें
इससे पहले भी 16 जुलाई को तीन बदमाश फूसगढ़ स्थित टाटा इंडिकैश कंपनी का दो लाख 93 हजार रुपये से भरा एटीएम उखाड़कर रेहड़ी में लादकर ले जा रहे थे, लेकिन चौकीदार व आसपास के लोगों की सर्तकता के चलते एटीएम छोड़कर फरार हो गए। 14 नवंबर को निसिंग क्षेत्र के गांव सांभली बस अड्डे पर बदमाश केनरा बैंक के साथ स्थित दो लाख 78 हजार की नकदी से भरा एटीएम उखाड़ ले गए थे। 22 दिसंबर को निसिंग में एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर बदमाशों ने गार्ड को गन प्वाइंट पर ले लिया था और 22 लाख की नकदी से भरी एटीएम उखाड़ ले गए थे। इस वर्ष दो मार्च को ही बदमाश असंध से ओबीसी की सात लाख 80 हजार की नकदी से भरी एटीएम ले गए थे। चार मार्च को बदमाशों ने सेक्टर तीन से करीब 27 लाख की नकदी से भरी एचडीएफसी का एटीएम उखाड़ लिया था लेकिन वे इसे ले जाने में सफल नहीं हो सके थे। पुलिस इनमें से एक भी वारदात को ट्रेस नहीं कर पाई है।
सेक्टर 9 में बदमाशों ने एटीएम मशीन उखाड़ कर ले जाने का प्रयास किया था जिसे पुलिस की सतर्कता से बचा लिया गया है। मशीन पुलिस के कब्जे में है और पैसे भी सेफ हैं। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल एटीएम बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जाएगी। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सुरेंद्र राणा थाना प्रभारी सेक्टर 32, 33