माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कोई न रोके आईयो रै बन ठन के लुगाईयों में..., हे जलदा री बलदा खेत में तै आया... और बाता ते मारेगी के हाथा ते मारेगी, ये छोरे गिट-गिट मर जांगे जे आंखा ते मारेगी... जैसे गीतों पर मंगलवार को जिला युवा महोत्सव में धमाल मचाया गया। दोदिवसीय के अंतिम दिन पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय के सभागार में विद्यार्थियों का जोश सभी को संक्रमित किए हुए था। प्रबंधन में जुटे शिक्षक और अन्य लोग भी इसके भागीदार बने। विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टीमों ने शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया।
विकसित भारत-युवा भारत थीम के तहत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य राकेश भाटिया ने की। मुख्य अतिथि भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर रहे। उन्होंने युवाओं को ऐसे महोत्सवों में उत्साह से हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। महोत्सव में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर संगीत, नृत्य, भाषण, वाद-विवाद, चित्रकला आदि विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन सत्र में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। मंच संचालन उप प्रधानाचार्य मीनाक्षी, ललित रावत और गुलशन ने किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
सामूहिक श्रेणी
- लोक नृत्य समूह : राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रथम, राजकीय पॉलिटेक्निक नीलोखेड़ी द्वितीय, राजकीय प्रशिक्षण संस्थान करनाल तृतीय।
- लोक गायन समूह : राजकीय महिला महाविद्यालय करनाल प्रथम, राजकीय आईटीआई करनाल द्वितीय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण तरावड़ी तृतीय।
- विज्ञान मेला इनोवेशन ट्रैक : महाराणा प्रताप विश्वविद्यालय प्रथम, राजकीय महाविद्यालय घरौंडा द्वितीय, राजकीय पॉलिटेक्निक नीलोखेड़ी तृतीय।
व्यक्तिगत श्रेणी
- कविता लेखन : जीबीएन कन्या महाविद्यालय अंजनथली की सोनाली प्रथम, डीएवी महिला कॉलेज की तुशाली द्वितीय, राजकीय कॉलेज सेक्टर-14 के अंकित तृतीय।
- कहानी लेखन : महाराणा प्रताप यूनिवर्सिटी की निकिता प्रथम, राजकीय आईटीआई करनाल की गरिमा द्वितीय, राजकीय पॉलिटेक्निक नीलोखेड़ी की ज्योति तृतीय।
- पेंटिंग : राजकीय पीजी कॉलेज सेक्टर-14 की जन्नत प्रथम, ओपन श्रेणी से गौरव कश्यप द्वितीय, राजकीय पीजी कॉलेज-14 के गौरव तृतीय।
- भाषण : डीएवी महिला कॉलेज की तान्या शर्मा प्रथम, महाराणा प्रताप यूनिवर्सिटी की प्राची वत्स द्वितीय, राजकीय पीजी कॉलेज सेक्टर-14 के लवेश मदान तृतीय।
- विज्ञान मेला के इनोवेशन ट्रैक : राजकीय पॉलिटेक्निक नीलोखेड़ी के गुरकीरत सिंह प्रथम, डीएवी महिला कॉलेज की यशिका द्वितीय, आईटीआई करनाल के तनुज तृतीय।
- लोक संगीत (वाद्य) : ओपन श्रेणी में मधुबन के विकास प्रथम।