करनाल। कुरुक्षेत्र में 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के कारण सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट है। इसी लिहाज से 23 नवंबर की दोपहर 2 बजे से कुरुक्षेत्र की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों के रास्ते को डायवर्ट कर दिया गया है। अब नेशनल हाईवे-44 का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। 25 नवंबर की देर रात तक कुरुक्षेत्र जाने के लिए सभी भारी वाहन केवल राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी का ही इस्तेमाल करेंगे।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी गंगाराम पूनिया की ओर से यातायात प्लान जारी किया गया है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुरुक्षेत्र में आगमन तय है। आमजन के लिए यातायात को सुचारू रखने और जाम की स्थिति से बचाव को ध्यान में रखते हुए 23 नवंबर की दोपहर 2 बजे के बाद से 25 नवंबर को पूरे दिन भारी वाहनों के रास्ते को डायवर्ट किया गया है। नागरिकों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित मार्गों पर ही यात्रा करें या अनावश्यक यात्रा से परहेज करें। संबंधित दिशा में यात्रा करने वाले अपने यात्रा समय और मार्ग की पूर्व योजना बनाएं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में ट्रैफिक हेल्पलाइन या पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें। ब्यूरो
चंडीगढ़ के लिए भी बदली व्यवस्था
- असंध से नेशनल हाईवे-152डी की ओर ही भारी वाहन जाएंगे।
- करनाल से निसिंग नेशनल हाईवे-152डी से ही वाहन गुजरेंगे।
- नेशनल हाईवे-44 के भारी वाहन बलड़ी बाईपास से इंद्री व लाडवा की तरफ से होते हुए निकलेंगे।
- नीलोखेड़ी का ट्रैफिक निगदू व कौल होते हुए नेशनल हाईवे-152डी की तरफ गुजरेगा।