माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सोमवार से शहर में न तो आपात स्थिति से निपटने का पूर्वाभ्यास (माॅक ड्रिल) किया जाएगा और न ही रात होते ही ब्लैक आउट होगा। हालांकि, पुलिस-प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर सतर्कता बरतना जारी रहेगा लेकिन जिंदगी अपनी लय में लौट आएगी। राजकीय मेडिकल काॅलेज के वार्डों में वार्ड सामान्य स्थिति में आ जाएंगे।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। दो दिन पहले इन्हें स्थगित करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन भारत-पाक सीमा पर संघर्ष विराम के घोषणा के बाद निर्धारित समय पर कराने का फैसला लिया गया। स्कूलों में सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी रहेगी। मंगलवार से सभी स्कूल भी खुल जाएंगे। सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश रहेगा।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बने तनाव के हालात में अंबाला से 20 से अधिक ट्रेन निरस्त कर दी गई थीं। इनका संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। हालांकि, करनाल से होकर जाने वाली ट्रेनें निरस्त नहीं की गई थीं, लेकिन बड़ी संख्या में लोग टिकट कैंसिल करा रहे थे। शनिवार को दो हजार से ज्यादा ने कैंसिल कराए, लेकिन रविवार को स्थिति सामान्य रही। रेलवे स्टेशन के अधीक्षक संजय सक्सेना ने बताया कि सभी ट्रेन सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। रोडवेज बस स्टेशन पर भी तेजी से स्थिति सामान्य हो रही है। कटरा के लिए बस सेवा बंद कर दी गई थी, इसे भी शुरू कर दिया गया है।