- ट्रांसफार्मर खराब होने से आई दिक्कत, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रावर गांव में बिजली का ट्रांसफार्मर खराब होने से सोमवार को बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह से देर रात तक आपूर्ति बहाल न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने रात के 11:30 बजे रोड जाम कर दिया। इस कारण से करनाल से उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग मेरठ रोड पर पांच किलोमीटर तक जाम लग गया। सैकड़ों वाहनों के जाम में फंसने से आवाजाही प्रभावित रही। मेरठ रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग 44 तक जाम लगने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनके गांव का ट्रांसफार्मर शनिवार रात नौ बजे से खराब है। जब उन्होंने सेक्टर छह 33 केवी पावर हाउस के एसडीओ और जेई से संपर्क किया तो उन्होंने अपना मोबाइल बंद कर लिया। वहीं जेई ने बार-बार फोन करने पर उनका नंबर ब्लैक लिस्ट कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि लोड के हिसाब से उनका गांव में ट्रांसफार्मर 100 केवीए का रखा गया है जबकि यहां 300 केवीए के ट्रांसफार्मर की जरूरत है। ग्रामीणों ने बताया कि वह करी 36 घंटे से बिजली आपूर्ति न होने से परेशान है। वहीं सोमवार सुबह बिजली निगम की ओर से नया ट्रांसफार्मर रखा गया। यह ट्रांसफार्मर कुछ समय बाद फिर से खराब हो गया। उसके बाद बिजली निगम की ओर से दोबारा ट्रांसफार्मर रखा गया। यह ट्रांसफार्मर भी कुछ समय बाद सप्लाई बंद कर गया। उसके बाद बिजली निगम की टीम ने ट्रॉली ट्रांसफार्मर व एक अन्य ट्रांसफार्मर लगाकर गांव की बिजली आपूर्ति सुचारू की। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
पानी की किल्लत झेली
रावर गांव की बिजली आपूर्ति 36 घंटे से प्रभावित होने से यहां के लोगों के घरों में रखे इनवर्टर भी बंद हो गए। इस कारण से लोगों को रातभर अंधेरे में बिना पंखे के रात गुजारनी पड़ी। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव में पानी की भी किल्लत हो गई। इस कारण से बच्चों, बुजुर्गों को गर्मी में बिना बिजली व पानी के काफी परेशानी हुई। वहीं गर्मी में पानी न मिलने से लोगों के पशु भी गर्मी से हांफते नजर आए। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली निगम की ओर से उनके गांव में 25 मई को यहां ट्रांसफार्मर रखा गया था जो 15 दिन बाद खराब हो गया। निगम की ओर से सोमवार सुबह दोबारा से नया ट्रांसफार्मर रखा गया। वह भी कुछ समय पर सड़ गया। उसके बाद निगम की ओर से पहले से खराब ट्रांसफार्मर लाया गया, उससे सप्लाई सुचारू नहीं हो पाई।
वर्जन
रावर गांव के ट्रांसफार्मर व लाइनों पर ज्यादा लोड होने के कारण यह समस्या आई थी। यहां के लोग स्वीकृत लोड से ज्यादा बिजली चला रहे हैं। निगम की ओर से सोमवार को पिपली से मंगवा कर ट्रांसफार्मर बदलवाया गया। इसमें खराबी आने पर देर रात को 200 केवी ट्राॅली ट्रांसफार्मर व 100 केवी का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर सुबह साढ़े तीन बजे बिजली को सुचारू करवाया गया।
- शिवम बागड़ी, एसडीओ, सेक्टर छह सब डिवीजन