तरावड़ी। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान पद के चुनाव की तैयारी पूरी हो चुकी है। 20 मार्च को मंडी के किसान भवन में मतगणना होगी। इसमें 450 आढ़ती बैलेट पेपर से वोट देकर मंडी के नए अध्यक्ष का चुनाव करेंगे।
चुनाव मैदान में प्रधान पद के केवल दो उम्मीदवार हैं। जिनमें भाजपा नेता व गर्ग राइस इंडस्ट्रीज के सीएमडी सुभाष गुप्ता व पूर्व मंडी प्रधान शीशपाल गुप्ता शामिल हैं। दोनों ही प्रत्याशी आढ़तियों से मिलकर अपना घोषणा पत्र बता रहे हैं। प्रधान पद के उम्मीदवार सुभाष गुप्ता ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में कहा कि अगर आढ़तियों ने प्रधान बनने का मौका दिया तो मंडी की हर समस्या का हल निकाला जाएगा।
मंडी में बूथों के लाइसेंस बनवाना, मंडी के फड़ों को पक्का करवाना, सफाई व्यवस्था को ठीक करना, मंडी में फसल की चोरी रोकने के लिए गेटों पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती करना, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा। इस अवसर पर सौरभ गर्ग, नरेंद्र कुमार, बनवारी लाल, सतीश मौजूद थे। संवाद