संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। रंगों और मिठास का त्योहार होली नजदीक आते ही बाजार में रौनक बढ़ गई है। शहर के मिठाई बाजार में इस बार परंपरागत गुजिया और बर्फी के साथ-साथ शुगर फ्री मिठाइयों की मांग देखी जा रही है।
गुजिया की इस बार अलग-अलग वैरायटी उपलब्ध है जिनमें स्ट्रोबैरी, काजू, केसर और चॉकलेट फ्लेवर शामिल हैं। स्ट्रोबैरी, काजू मैंगो, काजू चॉकलेट और ड्राई फ्रूट वाली गुजिया 1100 रुपये किलो और केसर गुजिया 640 रुपए किलो, सिंपल गुजिया 440 और देसी घी वाली गुजिया 600 रुपये किलो बिक रही है। होली पर विशेष पैकेज तैयार किए गए हैं, जिनमें गुजिया, ठंडाई, गुलाल, गुब्बारे और नमकीन आदि उपलब्ध है। इनकी कीमत 800 रुपये से शुरू है। इसके अलावा ठंडाई बनाई जा रही है जिसकी होली पर खास मांग होती है। विकेश यादव ने बताया कि उनकी दुकान पर गुजिया की कई तरह की वैरायटी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
दुकानदार पूजा सैनी ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी गुजिया होली की विशेष मिठाई है जिसकी लोग अधिक मांग कर रहे हैं। इसके अलावा उनकी दुकान पर आवला की बर्फी और गुजिया में देसी घी, केसर और चंद्रकला गुजिया बनाई जाएगी। पूजा ने बताया कि इस बार चंद्रकला मिठाई स्पेशल रहेगी।
दुकानदार हितेश ने बताया कि इस बार चंद्रकला गुजिया की मांग सबसे ज्यादा की जा रही है। देसी घी की गुजिया 560 रुपए, मीठे समोसे वाली गुजिया 440 रुपए, सामान्य गुजिया, 420 रुपए और चंद्रकला 460 रुपए किलो में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि काजू-कतली, रसगुल्ले और इमरती जैसी मिठाइयों की भी मांग बढ़ी है।