डीवीआर को अपने साथ ले गए चोर। संवाद
इंद्री। ब्याना गांव में पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर दूर स्थित गणपति फिलिंग स्टेशन पर चोरों ने 85 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। शुक्रवार देर रात वारदात को अंजाम देने के बाद चोर पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए। चोरों ने कार्यालय में रखी मेज को बाहर निकालकर उसकी दराज तोड़ी और नकदी निकाल ली। शनिवार सुबह चोरी का पता चला।
पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारी ईश्वर ने बताया कि वह और एक अन्य कर्मचारी शुक्रवार रात करीब 10 बजे पंप बंद करने के बाद कार्यालय से सटे कमरे में सोने चले गए थे। दिनभर की बिक्री से मिली 85 हजार रुपये की नकदी कार्यालय में रखी मेज की दराज में रखी थी। सुबह करीब पांच बजे जब वह कार्यालय पहुंचे तो मेज और नकदी गायब मिली। कर्मचारी के अनुसार, चोरों ने कार्यालय के बाहर लगे एल्युमिनियम के दरवाजे का शीशा निकाल दिया था।
मेज को बाहर खींचकर उसकी दराज तोड़ी और नकदी निकाल ली। सुबह आसपास तलाश करने पर मेज और दरवाजे का शीशा पेट्रोल पंप के साथ बने पार्क में पड़ा मिला। चोर सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी ले गए। संवाद