- गुरुद्वारा नानकसर लंगर माता साहिब देवा सेक्टर छह में खालसा गतका फाउंडेशन की ओर से आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गुरुद्वारा नानकसर लंगर माता साहिब देवा सेक्टर छह में मीरी पीरी दिवस के उपलक्ष्य में खालसा गतका फाउंडेशन की ओर से मार्शल आर्ट गतका प्रदर्शन का आयोजन हुआ। इसमें युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी को हैरान किया।
रविवार शाम को संत बाबा जोगा सिंह ने अरदास कर गतका प्रदर्शन का शुभारंभ करवाया। गतका प्रदर्शन में रणजीत अखाड़ा करनाल, श्री गुरु हरगोविंद साहिब गतका अखाड़ा करनाल, अमर शहीद बाबा दीप सिंह अखाड़ा नीलोखेड़ी, श्री गुरु तेग बहादुर सस्तर विदिया दल अखाड़ा तरावड़ी और दशमेश अखाड़ा पानीपत के युवकों ने कला का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर खालसा गतका फाउंडेशन हरियाणा के अध्यक्ष सुरिंद्र पाल रामगढि़या ने कहा कि सिख पंथ के छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब ने आज के दिन दो तलवार धारण कर उनको मीरी पीरी का नाम दिया था। मीरी यानी शक्ति और पीरी यानी भक्ति। गुरु जी ने संदेश दिया कि धर्म को सुरक्षित रखने के लिए मीरी यानी शक्ति का होना जरूरी है। सिख मार्शल आर्ट गतका सीखना हर वर्ग खास कर लड़कियों के लिए जरूरी है। गतका प्रदर्शन के दौरान लंगर अटूट बरताया गया। इस अवसर पर जत्थेदार मलकीत सिंह, जत्थेदार तरनजीत सिंह, जत्थेदार अमनदीप सिंह, जत्थेदार जसविंद्र सिंह और जत्थेदार परमिंद्र सिंह के साथ अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।