संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से घायल हुए रोहित (25) की बुधवार रात को इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा सेक्टर-13 में रविवार को उस समय हुआ जब वह संडे मार्केट से दो दोस्तों के साथ बाइक पर कमरे पर जा रहा था।
वह सड़क पर तारकोल बिछाने का काम करता था। मृतक के पिता ने दोस्तों पर इलाज करवाने में लापरवाही का आरोप लगाया है। सेक्टर-14 में परिवार के साथ किराए के मकान में रहने वाला रोहित अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर घर जा रहा था। जैसे ही बाइक सेक्टर-13 में ब्रेकर पर पहुंची अनियंत्रित हो गई।
इससे वह गिर गए। हादसे में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों दोस्त घायल रोहित को घर ले गए। लेकिन वह बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। उसके पिता को सोमवार शाम को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया। जहां बुधवार रात को उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की माता सुनीता ने आरोप लगाया कि हादसे में घायल होने के बाद उसके बेटे का दोस्तों ने समय पर इलाज नहीं करवाया और न ही परिवार को जानकारी दी। सिविल लाइन थाना से जांच अधिकारी विकास ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और केस दर्ज कर लिया है।