करनाल। बदलते सामाजिक परिवेश में विवाह से पहले संवाद की कमी रिश्तों में तनाव का कारण बन रही है। इस चुनौती से निपटने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग ने ‘तेरे मेरे सपने’ विवाह-पूर्व संवाद केंद्र की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य विवाह की योजना बना रहे युवाओं को बेहतर समझ और स्पष्टता देना है।
महिला आयोग के अनुसार, आज कॅरिअर, आर्थिक प्रबंधन और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर बात नहीं होती। व्यक्तिगत मूल्यों जैसे मुद्दों पर भी शादी से पहले खुलकर चर्चा नहीं हो पाती। इससे बाद में रिश्तों में खटास आती है। यह मंच युवाओं को विशेषज्ञों की ओर से संचालित अंतरजाल आधारित परामर्श सुविधा देगा। यहां वे इन सभी विषयों पर खुलकर चर्चा कर सकेंगे। इच्छुक युवा निर्धारित वेबस्थल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। वे विशेषज्ञों के साथ विवाह-पूर्व संवाद सत्रों में भाग ले सकते हैं। यह मंच गोपनीय और सुरक्षित वातावरण प्रदान करेगा। प्रतिभागी बिना झिझक अपनी चिंताओं और अपेक्षाओं को साझा कर सकेंगे।
डीसी डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि विवाह की योजना बना रहे युवा प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर की वेबसाइट https://ncwpmcc.icsr.in/webroot/home के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे। ब्यूरो